अमौसी एयरपोर्ट की ये तस्वीरें हैं वायरल
- फोटो : सोशल मीडिया
एयरपोर्ट के नए टर्मिनल टी-3 का पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को आजमगढ़ से रिमोट से शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर अमौसी एयरपोर्ट पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को आजमगढ़ में होंगे। वह आजमगढ़ एयरपोर्ट सहित देश के 14 एयरपोर्टों का शुभारंभ करेंगे। पीएम दो नए टर्मिनलों का भी उद्घाटन करेंगे। इसमें अमौसी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल टी-3 भी शामिल है। इस अवसर पर अमौसी एयरपोर्ट पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह व निदेशक जीत अदाणी उपस्थित रहेंगे। अमौसी एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि नए टर्मिनल का निर्माण कार्य कोविड के पहले शुरू हुआ था, पर कोरोनाकाल की वजह से सुस्त हो गया था। इसका निर्माण कार्य 1400 करोड़ से शुरू हुआ था, जिसकी लागत बढ़कर 3900 करोड़ रुपये पहुंच गई है। टर्मिनल का एक हिस्सा बनकर तैयार हो गया है। शेष कार्य पूरा होने में समय लगेगा। ऐसे में टर्मिनल के तैयार हो चुके हिस्से का शुभारंभ किया जाएगा।
जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट जैसा होगा लुक
अमौसी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट की तर्ज पर बनाया जा रहा है। इसका लुक बेहद खास है। हाल ही टर्मिनल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जो यात्रियों को बहुत पसंद आई। इंटीरियर से लेकर यात्री सुविधाओं तक पर विशेष रूप से कार्य किया गया है।
इसलिए खास है नया टर्मिनल
नए टर्मिनल टी-3 के पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद अमौसी एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ जाएगी। इस टर्मिनल को 1,15,000 वर्गमीटर जमीन पर बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने पर सालाना 1.30 करोड़ यात्रियों की आवाजाही हो सकेगी। यह टर्मिनल एक साथ 4000 यात्रियों को होल्ड कर सकेगा। इतना ही नहीं टर्मिनल पर 14 एयरोब्रिज, 30 लिफ्ट होंगी। यहां से 3200 घरेलू व 800 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन हो सकेगा। टर्मिनल के बाहर 1500 वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग भी बन रही है।