आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य और यूपी प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा का भ्रष्टाचार व अपराध मुक्त समाज का नारा फेल हो गया है। भाजपा इन्हीं नारों के सहारे सत्ता में आई थी, पर इन मुद्दों पर विफल साबित हुई है। योगी सरकार कोरोना संकट से निपटने में भी नाकाम रही है। यूपी में सिर्फ एक जाति की सरकार चल रही है। शेष जातियों के 94 प्रतिशत लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। ये बातें उन्होंने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहीं। प्रस्तुत है बातचीत के मुख्य अंश-
सवालः आम आदमी पार्टी का यूपी में सक्रियता बढ़ाने के पीछे क्या मकसद है?
जवाब: योगी सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और कोरोना संकट पर नियंत्रण में विफल साबित हुई है। लगातार हत्याएं हो रही हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। अपराधी, नेता और पुलिस के गठजोड़ से संगठित अपराध बढ़े हैं। सिर्फ एक जाति की सरकार चल रही है। शेष जातियों के 94 फीसदी लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। समाज जानना चाहता है कि बिकरू कांड में नवविवाहिता खुशी दुबे को किस अपराध में जेल भेजा गया है। वैश्य समाज भी बेहद परेशान है।
सवालः कोरोना संकट को लेकर दिल्ली सरकार की भूमिका पर भी तमाम सवाल उठ रहे हैं?
जवाब: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना से निपटने में दिल्ली के मॉडल की प्रशंसा की है। यह बात अलग है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उसकी आलोचना कर रहे हैं। दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिकों की संयुक्त राष्ट्र संघ भी प्रशंसा कर चुका है। जबकि, यूपी में 2 कैबिनेट मंत्रियों की कोरोना से मौत हो चुकी है। एक एमएलसी ने कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के इलाज में लापरवाही की बात सदन में कही है, उससे साबित हो गया कि उनकी मौत लापरवाही से हुई हत्या है। दिल्ली में हर 10 लाख आबादी पर 72 हजार टेस्ट हो रहे हैं, जबकि यूपी में यह संख्या अब भी 18 हजार ही है। यहां अन्य बीमारियों का इलाज भी नहीं मिल रहा है।
यहां भी देखें सवाल
सवाल: उत्तर प्रदेश में संगठन को विस्तार देने की क्या योजना है?
जवाब: सभी 75 जिलों में हमारी इकाइयां गठित हो चुकी हैं। महिलाओं, युवाओं, छात्रों और मजदूरों के संगठन बन चुके हैं। लगातार गतिविधियां जारी हैं।
सवालः कुछ समय पहले आप नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि यूपी जैसे राज्य में चुनाव लड़ने के लिए हमारे पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं?
जवाब: यह दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले की बात हो सकती है। दिल्ली चुनाव जीतने के बाद हम पूरे देश में संगठन को विस्तार दे रहे हैं।
सवाल: मैदान में आपकी पार्टी के आने से विपक्ष का वोट बंटेगा?
जवाब: भाजपा के खिलाफ हम ही लड़ रहे हैं। यही वजह है कि सरकार ने हमारे कार्यालय तक पर ताला डलवा दिया है। अपराधीकरण, कोरोना से निपटने में असफलता, शिक्षा व स्वास्थ्य की बदहाली, किसानों को यूरिया तक न मिल पाना योगी सरकार की विफलता है।
सवालः हाल ही में आपके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए गए हैं?
जवाब: मेरे लिए मुद्दे अहम हैं। सरकार 9 के बजाय 900 एफआईआर दर्ज करवा दे, पर हमारा संघर्ष जारी रहेगा।