सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्से बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बुंदेलखंड और पूर्वांचल की स्थिति ज्यादा गंभीर है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ग्रामीणों की मदद नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री सिर्फ हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। जमीन पर कोई राहत नहीं पहुंच रही है। इससे लोग परेशान हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि बाढ़ ग्रस्त इलाके में लोगों की हर संभव मदद करें। बाढ़ से घिरे लोगों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालें। लोगों के खानपान और पशुओं के चारे का भी इंतजाम करें।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से इटावा, जालौन, औरैया, प्रयागराज, कौशांबी, हमीरपुर, वाराणसी, लखीमपुर खीरी सहित तमाम जिले प्रभावित हैं। भाजपा सरकार ने बीते चार वर्षों में बाढ़ से निपटने की दिशा में कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई। बारिश के पहले बंधों की मरम्मत और आपदा राहत के नाम पर बंदरबांट हुआ, जिसका नतीजा है कि बाढ़ ने ग्रामीणों की कमर तोड़ दी है। उत्तर प्रदेश सरकार राहत के नाम पर सिर्फ कागजी कार्रवाई कर रही है। विभिन्न स्थानों पर राहत शिविर में दुर्व्यवस्था की शिकायत मिल रही है।
श्रद्धांजलि दी
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अभिनेता अनुपम श्याम ओझा (63) के निधन पर शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इसी तरह प्रयागराज में सपा नेता मुशीर अहमद के पिता कबीर अहमद के निधन पर श्रद्धांजलि दी।