डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में सत्र 2021-22 के दूसरे चरण की पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इसका विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए कहा गया है कि इसकी लिखित प्रवेश परीक्षा 08 अप्रैल को प्रस्तावित की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 21 मार्च तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एससी-एसटी, हैंडीकैप व गर्ल्स अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 1000 रुपये व जनवरी व ओबीसी के लिए 2000 रुपये है। लिखित परीक्षा व इंटरव्यू से संबंधित विस्तृत जानकारी भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। रजिस्ट्रार नंदलाल सिंह के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए दो केंद्र एक एनसीआर व एक लखनऊ में बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा 100 बहुविकल्पीय सवालों की होगी। जिसमें 50 सवाल रिसर्च मेथडोलॉजी व 50 सवाल तकनीकी विषय से संबंधित होंगे। वहीं इसके लिए चयनित योग्य अभ्यर्थियों को होमी भाभा टीचिंग कम रिसर्च फेलोशिप भी दी जाएगी। विद्यार्थियों का चयन सीटों की उपलब्धता पर होगा। अभ्यर्थियों को यह सुझाव दिया गया है कि वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट नियमित सर्च करते रहें। प्रवेश संबंधित आवश्यक सूचनाएं इसी पर साझा की जाएंगी।
एमबीए का परिणाम घोषित
लखनऊ। एकेटीयू द्वारा सत्र 2021-22 के विषम सेमेस्टर परीक्षा के एमबीए तीसरे सेमेस्टर के रेगुलर विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।