अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार बेहतर कानून व्यवस्था का दावा करती है, लेकिन एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि महिला अत्याचार, दलित अत्याचार, साइबर क्राइम में यूपी देश में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि मिड डे मील घोटाले में और गरीबी बढ़ाने में यूपी सबसे आगे है। वहीं स्वास्थ्य सूचकांक में भी यूपी सबसे नीचे है। अखिलेश ने कहा कि सपा के विकास मॉडल को अपना बताकर भाजपा सरकार वाहवाही लूट रही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में जो विकास कार्य हुए हैं बीते पांच वर्ष में भाजपा उससे एक कदम भी आगे नहीं बढ़ सकी।
...गर्मी निकल गई
अखिलेश ने ‘गर्मी निकल गई’ पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री को घेरा। अखिलेश ने कहा कि विधानसभा में बिजली गई तो सरकार की गर्मी निकल गई, सरकार ने अपनी गर्मी निकालने के लिए चार इंजीनियर निलंबित कर दिए। विधान परिषद चुनाव वाराणसी में भाजपा की गर्मी निकल गई। हार के बाद भी उप मुख्यमंत्री बनाने से किसकी गर्मी निकली यह सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि बिजली मंत्री को हटाकर सरकार ने उनकी भी गर्मी निकाल दी।
हमने गलती की, आप सुधारें
अखिलेश ने एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बच्चों के लिए शौचालय नहीं बनाकर हमने गलती की। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सहित अन्य एक्सप्रेसवे पर सरकार बच्चों के लिए अलग से शौचालय बनाए।