समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में शोषितों, वंचितों को सताया एवं अपमानित किया जा रहा है। युवाओं को नौकरी से दूर रखने और आरक्षण समाप्त करने की साजिशें हो रही हैं। डॉ लोहिया और डॉ आंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर समता मूलक समाज बनाने का सपना पूरा किया जाएगा। वैचारिक आंदोलन के रास्ते से ही सामाजिक न्याय को सुनिश्चित किया जा सकता है। वह बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने समाज के हर वर्ग को धोखा दिया है। निजीकरण और आउटसोर्स से गरीबों के साथ अन्याय हुआ है। सरकारी संपत्तियां बेची जा रही हैं। निविदा कर्मचारियों को पूरा वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। व्यापार और उद्योग धंधे चौपट हैं। महंगाई और भ्रष्टाचार से समाज का हर वर्ग त्रस्त है। युवा निराश और कुंठा का शिकार है। किसान बेमौसम की मार और खादए बीजए कीटनाशक की बढ़ी हुई कीमतों से परेशान है।
यूपी के मुख्यमंत्री अभी तक एक भी वादे पूरा नहीं कर पाए हैं। विधानसभा चुनाव 2022 संविधान की रक्षा की परीक्षा की घड़ी होगी। इसलिए अब सभी को बिना देर किए विधान सभा चुनाव में घर.घर गांव.गांव दस्तक देकर भाजपा की कुनीतियों और अपनी सरकार की उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराएं। जनता ने अपना विकल्प तलाश लिया है। समाजवादी पार्टी पर ही जनता को भरोसा है। बैठक की अध्यक्षता वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने की।
किसानों की हो रही है अनदेखी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि खाद, बीज, महंगे डीजल और बिजली के बाद बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि की मार से किसान तबाह है। किसान मुआवजे की आस लगाए है, लेकिन सरकार कोई मदद नहीं कर रही है।