अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हिंदुत्व की राजनीति करती है, लेकिन समाजवादी पार्टी हमेशा सर्व समाज को साथ लेकर चलती है। जिस भी समाज के साथ अहित हुआ, सपा उसके साथ खड़ी नजर आई है और भविष्य में भी समाज के विकास के लिए तत्पर रहेगी। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास और रोजगार का मॉडल दिया। लखनऊ में आईटी सिटी, कैंसर संस्थान बनाया, ताकि लोगों को रोजगार और इलाज के लिए चेन्नई, हैदराबाद ना जाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर गरीबों के लिए 300 यूनिट घरेलू बिजली और सिंचाई मुफ्त देंगे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बाबा को भी कोई कार्यक्रम करना होता है तो उसी स्टेडियम का इस्तेमाल करते हैं, जिसे समाजवादी सरकार ने बनवाया था। उन्हें खेल में रुचि नहीं है। वे न तो बॉलिंग कर सकते हैं और न ही बैटिंग। तभी विभिन्न खेलों और उसके संवर्धन को लेकर सचेत नहीं है।
इस दौरान विभिन्न स्थानों पर रथयात्रा का स्वागत किया गया। किसी ने फरसा भेंट किया तो किसी ने गदा। मौके पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, पूर्व मंत्री मनोज पांडेय व अभिषेक मिश्रा, महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, शिवशंकर सिंह शंकरी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत, डा. आशुतोष वर्मा, सौरभ सिंह, नवीन धवन बंटी, देवेंद्र सिंह जीतू, गौरव सिंह यादव, सोनू कन्नौजिया, मधुप सिंह यादव, अवनीश यादव, प्रियंका आदि मौजूद रहे।