कठौता में गैंगवार में अजीत सिंह की गोली से घायल शूटर का इलाज केजीएमयू के एक डॉक्टर ने किया था। डॉक्टर को बाहुबली पूर्व सांसद ने फ्लैट में बुलवाया जहां घायल शूटर मौजूद था। गोली उसके पेट के आरपार हो गई थी और काफी तेजी से खून बह रहा था। डॉक्टर ने दो घंटे तक फ्लैट में रहकर शूटर का उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराने के लिए कहा जिसके बाद पूर्व सांसद ने सुल्तानपुर निवासी अपने परिचित डॉ. एके सिंह से संपर्क किया।
शूटरों के मददगारों के रिश्तेदार आईएएस-आईपीएस
बाहुबली पूर्व सांसद के इशारे पर शूटरों की मदद करने वाले केजीएमयू और सुल्तानपुर के डॉक्टरों के रिश्तेदार आईएएस-आईपीएस हैं। केजीएमयू के चिकित्सक का साला पंजाब में एडीजी के पद पर तैनात है तो सुल्तानपुर के डॉक्टर एके सिंह की बेटी व दामाद आईएएस अधिकारी बताए जा रहे हैं। शायद यही वजह है कि पुलिस अजीत सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में दोनों डॉक्टर के प्रति नरम रुख अपनाए हुए हैं। हत्यारों की मदद करने के तमाम साक्ष्य मिलने के बाद भी दोनों डॉक्टर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्हें हत्याकांड की साजिश में शामिल तक नहीं बताया गया।