प्रयाग से विंध्याचल तक रद विंध्याचल इंटरसिटी बिना किसी सूचना के ही शनिवार को विंध्याचल तक चला दी गई।
रेलवे की पूर्व सूचना के आधार पर इस ट्रेन को 19 और 20 अप्रैल को प्रयाग तक चलाई जानी थी। इसी सूचना के भरोसे सैकड़ों यात्रियों ने शनिवार को प्रयाग में ही इस ट्रेन को छोड़ दिया।
बहरहाल, रविवार को भी यह ट्रेन विंध्याचल तक जाएगी। दरअसल इलाहाबाद स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग के नाम पर उत्तर मध्य रेलवे ने विंध्याचल इंटरसिटी को 19 और 20 अप्रैल को प्रयाग तक चलाने की घोषणा की थी।
प्रयाग से आगे ट्रेन का निरस्तीकरण होना था। शनिवार सुबह इस ट्रेन के सैकड़ों यात्री प्रयाग पहुंचकर उतर गए। अभी वह आगे की यात्रा के लिए सोच ही रहे थे कि ट्रेन को आगे जाने का सिग्नल मिल गया।
कुछ देर बाद ही ट्रेन आगे निकल गई। यह ट्रेन दोपहर 12 बजे इलाहाबाद और डेढ़ बजे विंध्याचल पहुंच गई। लखनऊ के पूछताछ काउंटर और सेंट्रल रेलवे इंक्वायरी में भी इस ट्रेन को रद बताया गया।
अब इस लापरवाही का ठिकरा उत्तर रेलवे जहां उत्तर मध्य रेलवे पर फोड़ रहा है वहीं उत्तर मध्य रेलवे ने कहा है कि गलती उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन की है।