वजीरगंज स्थित कचहरी परिसर में बुधवार शाम दहेज उत्पीड़न केस का आरोपी सआदतगंज निवासी मो. जैद अभिरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल फरीद अहमद और मुकीम को धक्का देकर भाग निकला। लॉकअप सुरक्षा में तैनात दरोगा विपिन सिंह ने दोनों सिपाहियों और मो. जैद के खिलाफ वजीरगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
पुलिस लाइन में तैनात दरोगा विपिन सिंह की बुधवार को कचहरी परिसर में बने लॉकअप में प्रभारी की ड्यूटी लगी थी। बुधवार को गोसाईगंज जिला जेल में वर्ष 2000 से हुसैनगंज थाने में दर्ज दहेज उत्पीड़न केस के आरोपी मो. जैद को कोर्ट पेशी पर लाया गया था। उसको कोर्ट परिसर में बने लॉकअप में रखा गया था। दोपहर के वक्त हेड कांस्टेबल फरीद अहमद और मुकीम आरोपी मो. जैद को लॉकअप से लेकर एसीजेएम-। की कोर्ट पेशी पर ले गए थे। शाम करीब चार बजे के आसपास दो सिपाही लॉकअप प्रभारी दरोगा विपिन सिंह के पास पहुंचे और बताया कि बंद मो. जैद उनकी अभिरक्षा से भाग निकला। दोनों ने बताया कि बाथरूम के दौरान आरोपी मो. जैद उन लोगों को धक्का देकर भाग गयाा। दोनों ने उसको पकड़ने का प्रयास भी किया पर नाकाम रहे। दोनों सिपाहियों की इस सूचना के बाद भागे हुए मो. जैद को इधर-उधर तलाशा गया, पर कुछ पता नहीं चल सका। अंत में लॉकअप प्रभारी दरोगा विपिन सिंह ने आरोपी मो. जैद और अभिरक्षा में तैनात दोनों सिपाहियों फरीद अहमद और मुकीम के खिलाफ वजीरगंज थाने में बीएएनएस की धारा 261 और 262 के तहत केस दर्ज कराया है। एसीपी चौक राजकुमार सिंह ने द दोनोंं सिपाहियों के खिलाफ निलंबन की रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी गई है। भागे हुए आरोपी मो. जैद की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हैं।