सरोजनीनगर। फर्जी दस्तावेज के आधार पर शनिवार को वाहन हस्तांतरण कराने सरोजनीनगर स्थित आरटीओ ऑफिस पहुंचा युवक पकड़ा गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की ओर से दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के साथ पुलिस ने रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह के मुताबिक बाइक (यूपी32 एफएम 6632) ओमप्रकाश पुत्र स्व. गया प्रसाद, निवासी ईश्वरी खेड़ा, नगराम के नाम पंजीकृत है। इसके हस्तांतरण के लिए शनिवार को आरटीओ ऑफिस लखनऊ में आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदनकर्ता ने वाहन स्वामी के नाम पर आधार कार्ड और अन्य प्रपत्र जमा किए। आरटीओ अधिकारियों को आधार कार्ड प्रथम दृष्टया संदिग्ध लगा। संदेह के आधार पर जब आवेदक से कमरे में बुलाकर पूछताछ की गई तो पता चला कि उसका वास्तविक नाम देवानंद निवासी सिकंदरपुर अमौलिया, गोसाईगंज है। अधिकारियों के मुताबिक देवानंद ने कथित रूप से वाहन स्वामी ओमप्रकाश के नाम से कूटरचित आधार कार्ड तैयार कराकर धोखाधड़ी के जरिये वाहन अपने नाम स्थानांतरित कराने की कोशिश की।