रायबरेली। मिल एरिया पुलिस के खिलाफ गंभीर आरोप लग रहे हैं। चोरी के मामले में घर में बर्तन और झाड़ू लगाने का काम करने वाली महिला के परिवार को निशाना बनाया गया। आरोप है कि महिला के बेटी को थाने में चोरी की घटना कबूल कराने के लिए महिला पुलिस ने जमकर पीटा। महिला के दो बेटों की भी पिटाई की गई। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
मिल एरिया थाना अंतर्गत बालापुर निवासी कमला देवी पत्नी शिव प्रसाद और उनकी बेटी शिवानी (25) आईटीआई कालोनी निवासी श्रीकांत दुबे के घर में मेड का कार्य करती थी। गत अगस्त माह में श्रीकांत दुबे के घर में चोरी घटना हुई थी और शक के घेरे में कमला देवी और उनका परिवार आ गया। मामले को लेकर मिल एरिया पुलिस कमला देवी और उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। इस बीच कमला देवी ने श्रीकांत दुबे के घर पर काम करना बंद कर कालोनी के दूसरे घर में काम करना शुरू कर दिया।
कमला देवी का आरोप है कि सात नवंबर को पुलिस पूछताछ को लेकर उनके घर में घुस आई और सामान इधर-उधर कर दिया। कुछ नहीं मिला तो जबरन चोरी का सामान छिपाने की बात कहकर मारपीट की। आरोप लगाया कि बेटी शिवानी, बेटे शिवम और शुभम को भी पुलिस मिल एरिया थाना ले गई। जहां मारपीट की गई।
शुक्रवार को एसपी कार्यालय पर मां कमला देवी के साथ शिकायती पत्र देने आई शिवानी ने रोते हुए बताया कि पुलिस ने जबरन चोरी की घटना कबूल करने का दबाव बनाया और जमकर पीटा। धमकी दी गई कि घटना कबूल न की तो फर्जी मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।