लखनऊ। शहीद पथ पर सोमवार भोर खराब खड़े डंपर में दूसरा डंपर जाकर घुस गया जिससे चालक केबिन में ही फंस गया जिसे केबिन काटकर बाहर निकाला गया। हादसे के बाद रास्ता अवरुद्ध होने से करीब दो घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। दुर्घटनाग्रस्त डंपरों को हटवाकर पुलिस ने किसी तरह आवागमन शुरू कराया।
गोमतीनगर विस्तार इलाके में शहीद पथ पर रविवार देर रात मौरंग लदा एक डंपर खराब होने के कारण खड़ा था। सोमवार भोर पौने छह बजे गिट्टी लादकर जा रहा डंपर टकरा गया। इससे गिट्टी वाला डंपर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण उसका चालक अशोक कुमार केबिन में ही फंस गया। सूचना पर गोमतीनगर व इंदिरानगर फायर स्टेशन से अग्निशमन टीम बुलाई गई। इंदिरानगर फायर स्टेशन से अपनी टीम लेकर पहुंचे शेर अली ने बताया कि कड़ी मशक्कत से डंपर का केबिन काटकर किसी तरह चालक को निकाला गया। पैरों में गंभीर चोटें आने के कारण पुलिस ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, हादसे से शहीद पथ पर चिनहट से कानपुर रोड जाने वाले मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध होने से करीब दो घंटे तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। दुर्घटनाग्रस्त दोनों डंपरों को हटवाकर पुलिस ने किसी तरह यातायात सुचारू कराया।