सौतन से विवाद के बाद इनामी गांव निवासी एक महिला ने अपनी तीन बेटियों को जहर खिलाकर खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। बेटियों संग महिला के जहर खाने का पता परिवारीजनों को तब चला जब सभी की हालत बिगड़ने लगी। आननफानन में परिवारीजनों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज शुरू होते ही एक मासूम की मौत हो गयी। जबकि महिला और उसकी दो बेटियां भर्ती हैं। हालत नाजुक बतायी जा रही है।
फखरपुर थाना अंतर्गत इनामी गांव निवासी करिश्मा (30) पत्नी मिथिलेश कुमार का गुरुवार सुबह अपनी सौतन से पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद हो गया। सौतन ने करिश्मा को परिवार बड़ा होने का ताना देते हुए घर से बाहर निकालने की धमकी दी।
इसी बात से क्षुब्ध करिश्मा दोपहर तक घर में गुमशुम हालत में रही। दोपहर बाद उसने घर में रखी तीव्र कीटनाशक पहले अपनी बेटी नंदिनी (6), सुनयना (5) और मीनाक्षी (3) को पिलाया फिर करिश्मा ने खुद भी जहरीला पदार्थ पी लिया। आधे घंटे बाद मां और सभी बेटियों की हालत बिगड़ने लगी।
तब परिवार के अन्य सदस्यों को करिश्मा द्वारा जहर खाने और सभी बेटियों को जहरीला पदार्थ पिलाने का पता चला। आननफानन में परिवारी जन महिला और उसकी तीनों बेटियों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर पहुंचे। वहां पर डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में भर्ती कर सभी का इलाज शुरू किया गया। लेकिन इलाज शुरू होते ही नन्हीं मीनाक्षी की मौत हो गयी। जबकि करिश्मा उसकी बेटी सुनयना और नंदिनी की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि परिवारीजनों ने पीड़ितों को लाने में काफी देर कर दी। जिसके चलते मीनाक्षी की जान नहीं बचायी जा सकी। भर्ती मां और दोनों बेटियों की हालत काफी नाजुक है। इलाज चल रहा है।
मासूम का शव पोस्टमार्टम को भेजा
मां द्वारा जहर खिलाने के बाद जिला अस्पताल में दम तोड़ने वाली मासूम मीनाक्षी के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसओ रख रहे नजर, केस दर्ज कर होगी कार्रवाई
फखरपुर के इनामी गांव में मां द्वारा तीन बेटियों को जहर खिलाकर खुद भी जहर खाने का मामला सामने आया है। फखरपुर एसओ को गांव भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है। भर्ती मां की हालत अभी नाजुक है। स्वास्थ्य कुछ ठीक होने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. गौरव ग्रोवर, पुलिस अधीक्षक