मायानगरी मुंबई का चेंबूर, माहिम हो या फिर भयंदर। इन छोटे उपनगरीय स्टेशनों से 1400 किलोमीटर दूर स्थित लखनऊ से मुंबई वापसी का कन्फर्म टिकट एक रैकेट के जरिये बनवाया जा रहा है।
60 दिन पहले रिजर्वेशन खुलने पर जिन ट्रेनों में एक सीट हासिल करने के लिए लोग लखनऊ में रेल आरक्षण केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, वहीं मुंबई के रेल आरक्षण केंद्रों पर पांच से छह यात्रियों वाला टिकट आसानी से बन रहा है।
इसके अलावा कई ऐसे स्थानों से भी रिजर्वेशन टिकट बन रहे हैं जिनकी जानकारी रेलवे को भी नहीं है। ऐसा पहली बार हो रहा है जब ‘तत्काल’ कोटे से अधिक सामान्य रेल आरक्षण को लेकर आम यात्री परेशान हैं।
दरअसल अभी मुंबई से लखनऊ के लिए ‘तत्काल’ का सीजन ठंडा है, जबकि जून में लखनऊ से मुंबई और मुंबई से लखनऊ के लिए सामान्य रेल आरक्षण की मारामारी काफी ज्यादा है।
सीबीआई ने मारा था छापा
मुंबई में सक्रिय रैकेट वहां के छोटे स्टेशनों के रेल आरक्षण केंद्रों से आसानी से कन्फर्म टिकट निकलवा रहे हैं। पश्चिम रेलवे का सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉरमेशन सिस्टम (क्रिस) का सर्वर मुंबई में है जिस कारण वहां पश्चिमी मुंबई के रेल आरक्षण केंद्रों से ये टिकट बन रहे हैं।
सीबीआई ने जून 2013 में छापेमारी के दौरान इन्हीं रेल आरक्षण केंद्रों पर ‘तत्काल’ कोटे के 90 प्रतिशत टिकट बनवाने का मामला पकड़ा था। मुंबई का 13 जून का रेल आरक्षण सोमवार सुबह खुला।
‘अमर उजाला’ ने जब इसकी पड़ताल की तो एक बार फिर इन रेल आरक्षण केंद्रों पर चल रहे गोरखधंधे का मामला सामने आया। सोमवार को पुष्पक एक्सप्रेस, कुशीनगर, अवध एक्सप्रेस और गोरखपुर-एलटीटी सुपरफास्ट जैसी ट्रेनों का 13 जून का आरक्षण खुला था।
चारबाग सहित कई रेल आरक्षण केंद्रों पर इन ट्रेनों में दो से तीन यात्रियों वाले फॉर्म पर एक भी यात्री को कन्फर्म टिकट नहीं मिल सका, जबकि हैदरगढ़ और बादशाहनगर जंक्शन रेल आरक्षण केंद्र पर शयनयान श्रेणी के एक यात्री वाले करीब छह टिकट बन सके।
यहां बने पुष्पक एक्सप्रेस के टिकट
पीएनआर नंबर-यात्रियों की संख्या-आरक्षण केंद्र
273-1690089-3- दादर
235-7619048-3-चिताली
262-0299510-4-चेंबूर
283-1690136-6-भयंदर
252-0299473-6-बांबे सेंट्रल
245-8157349-6-माहिम
यहां भी बन रहे टिकट
273-1690176-3-लकड़िया
245-8157324-2-दखनिया तलाव
262-0299533-2-बर्सी तकली
273-1690072-2-विजयानगरम जंक्शन
273-1690188-2-दिल्ली
पहला नंबर होने पर भी लखनऊ में वेटिंग
मुंबई की ट्रेनों का 13 जून का सामान्य रेल आरक्षण सोमवार सुबह आठ बजे खुला था।
यहां पहला नंबर होने के बावजूद कई यात्रियों को वेटिंग के टिकट से ही संतोष करना पड़ा।
लखनऊ में इस तरह बढ़ गई वेटिंग
ट्रेन नंबर/नाम-शयनयान-एसी तृतीय-एसी द्वितीय
12533-पुष्पक एक्सप्रेस-263-70-27
19038-अवध एक्सप्रेस-पूल कोटा-88-28-10
11016-कुशीनगर एक्सप्रेस-पूल कोटा-104-15-12
12541 गोरखपुर-एलटीटी-पूल कोटा-265-35-19