ग्रामीण की मौत के बाद प्रदर्शन करते अन्य ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
खेत में चोरी छिपे कच्ची शराब बनाने वालों ने विरोध करने पर एक बुजुर्ग किसान को खौलता लहन डालकर मार डाला। परिवारीजनों को रात में झाड़ में उसका झुलसा शव मिला। कुछ दूर पर शराब की भट्ठियों में राख पड़ी थी।
स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में लीपापोती करने से भड़के ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। एसपी के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
रामगांव क्षेत्र में ग्राम विश्वरिया निवासी रामचंदर (65) पुत्र मनीराम का खेत गांव से कुछ दूर सरयू के कछार में है। गुरुवार शाम को रामचंदर खेत गया था पर देर रात तक नहीं लौटा।
पुत्र रामू के मुताबिक देर रात रामचंदर का शव कछार के निकट झाड़ियों में झुलसा मिला। कुछ दूर पर शराब की भट्ठियों की राख पड़ी थी। रामचंदर के ऊपर शराब बनाने के लिए खौलाया गया लहन उड़ेला गया था, जिससे झुलसकर उसकी मौत हो गई।