गोंडा जिले के इटियाथोक नगर पंचायत खरगूपुर के कटहरिया उत्तरी मोहल्ले के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर शनिदेव मंदिर के समीप स्थित तालाब में उतराता मिला। युवक रविवार को लखनऊ जाने के लिए घर से बताकर निकला था।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मंगलवार की सुबह लोगों ने तालाब में शव उतराता देखा तो वहां भीड़ लग गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाया। तलाशी के दौरान युवक के पैंट की जेब से एक सिम मिला।
पुलिस ने सिम को मोबाइल में लगाकर उसमें मिले नंबरों पर कॉल करके बात की तो एक नंबर युवक के पिता का निकला जिस पर पुलिस ने युवक का हुलिया बताया तो वह भागकर मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासी हनुमान प्रसाद पांडेय ने शव की पहचान अपने बेटे विवेक पांडेय के रूप में की।
बताया कि उनका बेटा अक्सर लखनऊ जाया करता था। रविवार को भी वह लखनऊ जाने के लिए घर से बताकर निकला था। मंगलवार की सुबह उसका शव तालाब में उतराता मिला। प्रभारी निरीक्षक दुर्गविजय सिंह ने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञ ने भी जांच की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा।