दोस्तों के साथ शुक्रवार शाम वनचेतना पार्क आये युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक युवक ने खुद को अवैध असलहे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
एसओ बलवंत शाही के मुताबिक थाना कमलापुर के गांव कम्हरिया निवासी सिद्धार्थ मिश्र (22) घर से वनचेतना (इलसिया) पार्क जाने की बात कहकर निकले थे। उनके साथ उनके दोस्त राकेश पाल भी मौजूद थे। सिद्धार्थ ने महोली निवासी अपने मामा अरुण कुमार शुक्ला को भी मौके से बुला लिया। दोनों को नित्यक्रिया जाने की बात कहकर सिद्धार्थ ने पार्क के गेट के सामने रोक दिया। कुछ दूर ही झाड़ियों में सिद्धार्थ गये, फिर अचानक गोली चलने की आवाज आयी। आवाज सुनकर गेट के सामने खड़े दोनों लोग भागकर गये तो देखा कि सिद्धार्थ झाडियों में मृत पड़े थे। उनके सिर में गोली लगी थी। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।
ये भी पढ़ें - 2019 कुंभ के भी रिकॉर्ड तोड़ेगा महाकुंभ 2025, पूरी दुनिया के लिए बनेगा मिसाल
ये भी पढ़ें - UP: गोरखपुर, बिहार रूट की 50 ट्रेनें होंगी निरस्त, 64 बदले मार्ग से चलाई जाएंगी, त्योहार पर बढ़ेंगी मुश्किलें
अवैध था असलहा, परिजनों के बयान दर्ज
पुलिस के मुताबिक मौके पर अवैध असलहा बरामद हुआ है जिसे फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा जिस हाथ से गोली चली उस हाथ पर खून के छींटे पाये गये हैं। युवक ने ऐसा क्यों किया यह पता नहीं चल सका है। परिजनों के बयान दर्ज कराये जाने के साथ ही मौके पर मौजूद दोनों लोगों का मोबाइल भी पुलिस ने जांच के लिये अपने पास रखा है।