मोहान रोड काकोरी मोड़ शारदा नहर पुलिया के पास सोमवार दोपहर एक ट्रक ने बुलेट सवार लैब टेक्नीशियन को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। इससे टेक्नीशियन उसमें फंसकर कुछ दूर तक घिसटता रहा और आखिर में ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया है।
इंस्पेक्टर पारा श्रीकांत राय के मुताबिक बुलेट सवार राज किशोर (48) पेशे से लैब टेक्नीशियन थे। वह सोमवार दोपहर करीब तीन बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से बुद्धेश्वर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए इंडियन गैस एजेंसी के ट्रक ने उनकी बुलेट में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद राज किशोर बुलेट समेत ट्रक में फंस गए और काफी दूर तक वह घिसटते रहे। आखिर में ट्रक का पहिया उन पर चढ़ गया, तब जाकर ट्रक चालक रुका।
स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के पास से मिले आईडी कार्ड से शिनाख्त हुई। राज किशोर मूलरूप से सीतापुर के रहने वाले थे। उनके परिजनों को सूचना दी गई तो देर शाम वह लखनऊ पहुंच गए। मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।