सहेली के साथ स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा को अगवा कर लिया गया। यही नहीं विरोध करने पर सहेली को धमकाया गया और उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। सहेली की सूचना पर शिक्षक व पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक बाइक सवार दो अपहरणकर्ता छात्रा को लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए पुलिस अपहरणकर्ताओं तक पहुंचने में जुटी है। हालांकि अब तक अपहरणकर्ताओं का कोई सुराग नहीं लग सका है।
जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दो किशोरियां क्षेत्र के एक इंटर कालेज में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं। इस समय स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षाएं दो पाली में चलती हैं। सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 बजे और दोपहर 12.30 बजे से 3.30 बजे परीक्षाएं होती हैं। दोनों सहेलियां अलग-अलग साइकिलों से दोपहर पाली की परीक्षा देने स्कूल जा रही थी।
ये भी पढ़ें - यूपी में सरकारी कर्मचारियों को योगी सरकार का दिवाली गिफ्ट, बोनस देने के फैसले को मंजूरी
ये भी पढ़ें - 'सत्ताईस का सत्ताधीश': लखनऊ में लगे अखिलेश यादव के पोस्टर्स की चर्चा, बर्थ-डे पर नए अवतार में दिखे सपा अध्यक्ष
रास्ते में स्कूल से महज 100 मीटर दूर दो बाइक से खड़े चार युवकों ने जबरन 17 वर्षीय किशोरी को डरा धमकाकर बाइक पर बैठा लिया। विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। छात्रा का अपहरण होते देख सहेली अपहरणकर्ताओं से जा भिड़ी। इस पर अपहरणकर्ताओं ने धक्का देकर सहेली को जमीन पर गिरा दिया और किशोरी को लेकर अगवा करके फरार हो गए। आनन-फानन में सहेली भागकर स्कूल पहुंची और शिक्षकों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
शिक्षकों ने पूरे प्रकरण से पुलिस को अवगत कराया। शिक्षक व पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक अपहरणकर्ता दूर जा चुके थे। सीओ डलमऊ अरुण कुमार नौहवार ने पहुंचकर सहेली व आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। सीओ ने बताया कि छात्रा का अपहरण किया है। अपहरण करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई जा रही है। जल्द छात्रा को बरामद करके अपहरणकर्ता गिरफ्तार किए जाएंगे।