यूपी में इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित हुई राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) में सम्मिलित हुए अभ्यर्थियों में से करीब 90 प्रतिशत इस बार क्वालीफाई हो गए हैं। इन्हें मेरिट के अनुसार सरकारी व प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिला दिया जाएगा। एमबीए कोर्स में इस बार भी करीब 80 प्रतिशत सीटें खाली रह जाएंगी।
एमबीए कोर्स में करीब 40 हजार सीटों के मुकाबले मात्र 9342 ने आवेदन किया था और इसमें 8726 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। वहीं बीटेक कोर्स में कुल 1.70 लाख सीटों में से 1.40 लाख सफल हुए हैं।
ऐसे में इसमें भी 30 हजार सीटें खाली रह जाएंगी। एसईई का आयोजन उप्र प्राविधिक विश्वविद्यालय (यूपीटीयू) ने करवाया था। 18 व 19 अप्रैल को आयोजित हुई एसईई में सभी कोर्सेज में कुल 218253 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी और इसमें से 194356 परीक्षा में सफल घोषित हुए हैं।
वहीं एसईई में सबसे पॉपुलर कोर्स बीटेक व बीटेक एग्रीकल्चर में इस बार कुल 159606 अभ्यर्थी शामिल हुए थे और इसमें से 140156 ने सफलता हासिल की है। इस तरह बीटेक व बीटेक एग्रीकल्चर कोर्स में कुल 88 फीसदी अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
यूपीटीयू इंजीनियरिंग कॉलेजों की सीटों का ब्यौरा 25 मई को ऑनलाइन कर देगा। इसके बाद 30 जून को वेबसाइट पर कॉलेज की सीटें और ब्रांच के अनुसार सीट मैट्रिक्स अपलोड कर दी जाएगी। अभी संबद्घता के प्रकरण पर अंतिम निर्णय लिए गए हैं और सीट मैट्रिक्स बनाने का काम किया जा रहा है।
हर कोर्स में छूट सकती हैं सीटें
कोर्सेज की जो संभावित सीटें हैं उसके अनुसार अगर सफल हुए अभ्यर्थियों का आंकड़ा देखा जाए तो लगभग सभी अभ्यर्थी आराम से दाखिला पा जाएंगे। बीफॉर्मा में करीब 8300 सीटें हैं और इसमें 9289 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
बीएचएमसीटी में करीब 1110 सीटें हैं और इसमें 1328 ने क्वालीफाई किया है। बीएफए में 60 सीटों के मुकाबले 896 ने क्वालीफाई किया है। एसईई के कोआर्डिनेटर प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि एसईई में सामान्य वर्ग के 110189 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे और इसमें से 98199 ने सफलता हासिल की है। इसी तरह ओबीसी में 78917 में से 68348 अभ्यर्थी एसईई में सम्मिलित हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर एससी कैटेगरी में 27994 में से 26733 अभ्यर्थी और एसटी कैटेगरी में 1153 में से 1076 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इसके अलावा सभी कोर्सेज में ग्रामीण परिवेश के 8073 अभ्यर्थियों में से 6957 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। वहीं एसईई में कुल 47104 लड़कियां सम्मिलित हुईं और इसमें से 42237 ने क्वालीफाई किया।
सिर्फ बीआर्क में दाखिले में दिखेगा कम्प्टीशन
यूपीटीयू द्वारा आयोजित किए गए एसईई 2015 में बीआर्क कोर्स में करीब 1800 सीटें हैं और इसके मुकाबले 11897 अभ्यर्थियों ने क्वालीफाई किया है। इस तरह हर सीट पर करीब दस-दस अभ्यर्थी दावेदार हैं।
फिलहाल प्रदेश भर में बीआर्क कोर्सेज की सभी सीटें आराम से भर जाएंगी। बाकी कोर्सेज में जहां पर स्टूडेंट्स का टोटा रहेगा वहीं दूसरी ओर बीआर्क में अच्छे खासे अभ्यर्थी एडमिशन की कतार में होंगे।
एसईई में बीटेक व बीटेक एग्रीकल्चर कोर्स में चार ट्रांसजेंडर शामिल हुए थे। इसमें से सभी ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। अब इन सभी को एसईई की काउंसलिंग में शामिल होकर मेरिट व चाइस के अनुसार दाखिला दिया जाएगा।