सीतापुर। यूपी पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस की परीक्षा शहर के 30 परीक्षा केंद्रों पर होगी। 56,160 अभ्यर्थी एग्जाम देंगे। केंद्रों पर परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। आरक्षी नागरिक पुलिस परीक्षा 17 व 18 फरवरी को जिले में होगी।
परीक्षा के लिए शहर में 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दो दिन तक चलने वाली परीक्षा चार पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 14,040 अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। साथ ही सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट भी परीक्षा की हकीकत परखते रहेंगे। परीक्षा केंद्र तय हो जाने के बाद डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को मुकम्मल तैयारियां करने के निर्देश दिए है। डीआईओएस ने कहा जिन परीक्षा केंद्रों पर कोई कमी हो वह अभी पूरी कर लें। परीक्षा के दौरान कोई समस्या नहीं आनी चाहिए।
केंद्रों पर लगे हैं कैमरे
इस परीक्षा को लेेकर जिन स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। यह केंद्र यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर भी बनाए गए है। बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से प्रारंभ हो रही है। इसके चलते यहां पर सभी कैमरों का ट्रायल हो चुका है। इससे पुलिस परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी के जरिए भी हो सकेंगी।
तय हो गए हैं केंद्र
पुलिस परीक्षा को लेकर केंद्र तय कर दिए है। केंद्र व्यवस्थापकों को सभी तैयारियां पूरी करने की हिदायत दी जा चुकी है।
राजेंद्र सिंह, डीआईओएस