केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 53 आईएएस अधिकारियों को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए प्रेक्षक नामित किया है। इन अधिकारियों की ब्रीफिंग मीटिंग 14 जनवरी को नई दिल्ली व लखनऊ में होगी।
आयोग ने यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर व गोवा में विधानसभा चुनावों को संपन्न कराने के लिए प्रेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किया है। विशेष सचिव नियुक्ति धनंजय शुक्ला ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पत्र का हवाला देते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी भेजी है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तैनात अधिकारी विज्ञान भवन नई दिल्ली में तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की सीमा से बाहर तैनात आईएएस अधिकारियों को यूपी-112 भवन गोमती नगर विस्तार लखनऊ में ब्रीफिंग मीटिंग के लिए बुलाया गया है। शुक्ला ने बताया है कि ब्रीफिंग मीटिंग वर्चुअल होगी। उन्होंने अधिकारियों को तय समय व तैयारी के साथ बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया है।