यूपी के सीएम अखिलेश का कहना है वह टेक-फ्रेंडली हैं और इस बार चुनाव घोषणापत्र में लोगों को फ्री में मोबाइल बांटने की घोषणा कर सकते हैं। ये बातें उन्होंने टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन के 4जी सेवा लॉन्चिंग के कार्यक्रम के दौरान कहीं। इतना ही नहीं यूपी सरकार ने वोडा फोन कंपनी से जनेश्वर मिश्र पार्क में 4जी वाई-फाई सुविधा देने के लिए भी कहा।
सीएम अखिलेश ने कहा, वोडाफोन कंपनी ने उत्तर प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है, ये बड़ी बात है। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर भी तंज कसा और कहा कि 2जी वाला दल कमजोर हो गया है। मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा, टेक्नोलॉजी तेजी से आगे बढ़ी है। शादी का संदेश पहले नई से भिजवाया जाता था, फिर कार्ड से भेजा जाने लगा अब तो लोग मैसेज से भी काम चला लेते हैं।
बता दें कि शहरवासी बुधवार से 4 जी सुविधा का लाभ ले सकेंगे। 4 जी नेटवर्क शुरू होने के बाद उपभोक्ता स्मार्ट फोन में पलक झपकते ही कम समय में हैवी डाटा डाउनलोड कर सकेंगे। शहर में सबसे पहले निजी कंपनी वोडाफोन ने 4 जी नेटवर्क की शुरुआत की है।
वहीं, एयरटेल एक महीने बाद और बीएसएनएल ने दिसंबर तक अपने उपभोक्ताओं को 4 जी नेटवर्क देने का दावा किया है। इसके साथ ही राजधानी लखनऊ यूपी ईस्ट व वेस्ट सर्किल में किसी भी मोबाइल नेटवर्क कंपनी द्वारा 4-जी नेटवर्क सुविधा पाने वाला पहला शहर भी बन जाएगा।
सेल्युलर कम्युनिकेशन क्षेत्र में थ्री जी नेटवर्क के बाद चौथी जेनरेशन का हाईस्पीड अप डाटा नेटवर्क उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क को ही 4-जी के नाम से जाना जाता है। हालांकि 4-जी नेटवर्क का फायदा सिर्फ मोबाइल व लैपटाप की डाटा बेस सर्विस को ही मिलेगा।
इस नेटवर्क का फायदा स्पीडअप कर आईपी टेलीफोनी, गेमिंग सर्विस, हाई डेफिनेशन मोबाइल टीवी, वीडियो क्रांफ्रेसिंग व सरफेसिंग में ही मिलेगा। मोबाइल से बातचीत के दौरान 4-जी नेटवर्क पहले की तरह थ्री-जी अथवा टू-जी की तरफ ही काम करेगा।