लखनऊ। मलिहाबाद के केनरा बैंक की महिला प्रोबेशनरी अधिकारी से मकान के नाम पर जालसाजों ने 40 लाख रुपये ठग लिए। मकान न मिलने पर रुपये वापस मांगे तो धमकी दी गई। पीड़िता ने चिनहट थाने में ब्रेक प्वाइंट ढाबा के संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
चिनहट के बीबीडी के पास होम्पस कॉलोनी में रहने वाली कंचन सिंह मलिहाबाद स्थित केनरा बैंक में प्रोबेशनरी अधिकारी हैं। कंचन को मकान खरीदना था। इसी बीच उनकी मुलाकात चिनहट के ब्रेक प्वाइंट ढाबा के संचालक अनौरा निवासी धर्मेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, बृजेश सिंह व नीरज सिंह हुई। सभी ने मिलकर अनौरा में एक मकान दिखाया जिसकी सौदा 45 लाख रुपये में तय हुआ। कंचन ने 40 लाख रुपये का होम लोन कराया। इसके बाद 8 जून को डिमांड ड्राफ्ट धर्मेंद्र सिंह के नाम से दे दिया। डिमांड ड्राफ्ट बैंक में लगते ही भुगतान हो गया।
कंचन ने जब रजिस्ट्री की बात कही तो टालमटोल शुरू हो गया। कंचन को पता चला कि खाते से 20 लाख रुपये एसबीआई की फैजाबाद चौक शाखा में बृजेश सिंह के खाते में गए हैं। कंचन को जब ठगी का अहसास हुआ तो खाते को फ्रीज करा दिया। इसके बाद रजिस्ट्री की बात करने गई। इस पर नाराज होकर सभी ने उसे परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी।