लखनऊ। वन विभाग की टीम ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 318 कछुए बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य तस्कर मौके से भाग गया। तस्कर को जेल भेज दिया गया।
डीएफओ डॉ. रवि कुमार सिंह के मुताबिक, 13 फरवरी को मुखबिरों के जरिए सूचना मिली कि उन्नाव के मोहान से तस्करी के लिए कछुओं को सुल्तानपुर ले जाया जा रहा है। इसके लिए दो टीमों को एक मोहान रोड व दूसरी सुल्तानपुर रोड के गोसाईंगंज में सघन जांच के लिए मुस्तैद किया। गोसाईंगंज रोड पर बताए गए नंबर की पिकअप आती दिखी तो रोक कर तलाशी ली गई। तलाशी में 318 अदद कछुए बरामद हुए।
टीम ने जिस तस्कर को दबोचा, वह अमेठी जगदीशपुर के गांधीनगर गांव निवासी माइकल है। तस्कर को जेल भेज दिया गया, जबकि कछुओं को सई व गोमती नदी में प्रवाह कर दिया गया। ये तस्कर उन्नाव के मोहान से कछुए पकड़कर ले जा रहे थे। टीम में क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहनलालगंज अरविंद मिश्रा, प्रभारी वन सुरक्षा बल सतीश वर्मा, अमित सिंह व दीपक कनौजिया शामिल थे।