प्रदेश में जल्द ही 11 नई आरटीपीसीआर टेस्ट प्रयोगशालाएं क्रियाशील हो जाएंगी। इनका संचालन शुरू करने के संबंध में सभी जरूरी तैयारियां तेजी से पूरी कर ली जाएं। इसके साथ ही, प्रदेश के 45 जिलों में आरटीपीसीआर टेस्ट प्रयोगशालाएं हो जाएंगी। शेष 30 जनपदों में भी अगले तीन-चार माह के भीतर ऐसी प्रयोगशालाएं स्थापित कराने की कार्यवाही की जाए।
देश के 11 राज्यों में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट 'डेल्टा+' से संक्रमित मरीज पाए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सावधानी बरतनी होगी। विशेषज्ञों के अनुसार इस बार का वैरिएंट पहले की अपेक्षा कहीं अधिक खतरनाक है। विशेषज्ञों के परामर्श के अनुरूप बिना देर किए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिया कि कोविड की तीसरी लहर की आशंका देखते हुए सभी जरूरी प्रयास यथाशीघ्र पूरी की जाए। पीकू/नीकू की स्थापना की कार्यवाही तेज हो। अब तक केवल मेडिकल कॉलेजों में पीडियाट्रिक आईसीयू बेड की संख्या 5900 से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों में भी पीकू/नीकू स्थापना की कार्यवाही जारी है। सभी ज़िलों में इस कार्य को शीर्ष प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण सबसे उत्तम सुरक्षा कवर है। प्रदेश में अब तक 3 करोड़ 04 लाख से अधिक वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण केंद्रों पर लोगों का उत्साह सुखद है। बड़ी संख्या में लोग वैक्सीनेशन के लिए आ रहे हैं।
प्रदेश में कोरोना वायरस का असर लगातार कम हो रहा है। बीते 24 घंटे में 190 नए मरीज मिले हैं और 261 ठीक हुए हैं। अब प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 3046 रह गई है। प्रदेश में बीते 24 घंटों में 2.63 लाख की जांच की गई। अब तक 5.74 करोड़ सैंपल की जांच की जा चुकी है। प्रदेश में संक्रमण की दर 0.1 प्रतिशत से कम है। जबकि रिकवरी रेट 98.5 प्रतिशत है। सोमवार को लखनऊ में 14, वाराणसी में 10, आगरा में 10, बुलंदशहर में 10, मेरठ में 16, प्रयागराज में सात, कानपुर में नौ मरीज मिले हैं। अन्य जिलों में इससे कम मरीज मिले हैं। 17 जिलों में एक भी मरीज नहीं मिले हैं। इस तरह प्रदेश में 25 लोगों की मौत हुई है। इसमें लखनऊ में दो, प्रयागराज में चार, रायबरेली में एक, आगरा में चार, देवरिया में एक, गाजीपुर में तीन, मऊ में दो, शाहजहांपुर में तीन, सुल्तानपुर में दो, बाराबंकी में एक, बलरामपुर में एक, मिर्जापुर में एक की मौत बताया गया है। अन्य जिलों में एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है।