राज्य सरकार ने 1998 व 2002 बैच के आईपीएस अफसरों को नए साल का तोहफा देते हुए उनकी पदोन्नति कर दी है। पदोन्नति देने के लिए गृह विभाग में बुधवार शाम डीपीसी हुई।
इसमें 1998 बैच के डीआईजी स्तर के आठ आईपीएस अफसरों भगवान स्वरूप, आरके चतुर्वेदी, एसके भगत, पीयूष मोर्डिया, अमित चंद्रा, बीडी पालसन, के. सत्यनारायण और पद्मजा चौहान के नाम पर विचार हुआ और उन्हें प्रोन्नति दिए जाने पर सहमति बनी।
इनमें से पीयूष मोर्डिया, के. सत्यनारायण और बीडी पालसन प्रतिनियुक्ति पर हैं। शासन ने उनका प्रोफॉर्मा केंद्र को भेज दिया है। ऐसे ही डीपीसी में वर्ष 2002 बैच के एसपी स्तर के कुल 12 अफसरों को प्रोन्नति देने पर चर्चा हुई।
इनमें से एक को छोड़कर बाकी के सभी अधिकारियों को डीआईजी बनाने पर सहमति बनी है। जिन अफसरों को प्रोन्नति मिली है उनमें शचि घिल्डियाल, अपर्णा कुमार, धर्मवीर यादव, वजीह अहमद, उदयशंकर जायसवाल, जेपी शाही, दिनेश चंद्र, राकेशचंद्र साहू, जवाहर, डॉ. उमेश चंद्र श्रीवास्तव और शरद सचान शामिल हैं।
इनमें शचि घिल्डियाल के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर होने की वजह से उनका प्रोफॉर्मा केंद्र को भेजा जा रहा है। इस बैच के एक अधिकारी के नाम पर किन्हीं कारणों से विचार नहीं किया गया जबकि वर्ष 2000 बैच के अधिकारी विजय यादव का लिफाफा बंद रखा गया है।