शहर के असैदापुर में संचालित एक स्कूल का वाहन सोमवार सुबह अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। दुर्घटना मेें स्कूल वाहन पर सवार 15 बच्चे और चालक-सहायक घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के बाद में डीएम ने जिला अस्पताल पहुंच कर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। बेहतर उपचार के निर्देश चिकित्सकों को दिए।
असैदापुर में वित्तविहीन मान्यता प्राप्त डीआर मेमोरियल पब्लिक स्कूल से संबद्ध वाहन सोमवार को अमेठी क्षेत्र से बच्चों को लाने गया था। अलग-अलग स्थानों से बच्चों को लेकर लौट रहा स्कूल वाहन गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर स्थित कुशीताली गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। बच्चों की चीख-पुकार पर एकत्र ग्रामीणों ने वाहन को सीधा कर घायल बच्चों, चालक और सहायक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
स्कूल वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी प्रशासन, स्कूल प्रबंधन और बच्चों के परिवारों में पहुंची तो अफरा-तफरी मच गई। एक साथ 15 घायल बच्चों के अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सक डॉ. पीतांबर कनौजिया, डॉ. नीरज वर्मा व डॉ. शुभम पांडेय की टीम ने प्राथमिक उपचार करते हुए आवश्यक जांच कराईं।
जांच के बाद बच्चों के उपचार व दवा देने के बाद घर जाने की अनुमति दे दी गई। स्कूल वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने तथा बच्चों के घायल होने की सूचना पर डीएम अरुण कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों व बच्चों से स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद डीएम ने बेहतर उपचार का निर्देश चिकित्सकों को दिया।
घायलों में यह शामिल
स्कूल वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 15 घायल बच्चे जिला अस्पताल लाए गए। घायलों में अर्चना, माधवी तिवारी, रवि मौर्य, आदित्य पांडेय, किरन, इंद्रजीत, छाया, मुस्कान, महक यादव, खुशी, स्नेहा मिश्रा, हिमांशु, आरती यादव व मो. आरिफ के साथ चालक घनश्याम व सहायक रंजीत सिंह घायल हुए हैं।