लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र में रालपुर गांव के पास सोमवार शाम एक एसयूवी बेकाबू होकर खाईं में पलट गई। हादसे में एसयूवी में सवार अधेड़ महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पुत्र घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मां-बेटे गमी में शामिल होने के लिए पैतृक गांव जा रहे थे।
लखनऊ के चिनहट निवासी शिवपल्टन की पत्नी माया देवी (52) का पैतृक गांव सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे ठकुराईन मजरे रालपुर है। गांव में रहने वाली भतीजे लवकुश की मौत होने की खबर पर माया अपने पुत्र संदीप के साथ एसयूवी से पैतृक गांव जा रही थीं। रालपुर गांव के पास एकाएक एसयूवी बेकाबू होकर सड़क किनारे खाईं में पलट गई। हादसे में माया देवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संदीप घायल हो गया। संदीप को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, लवकुश की मौत से पूरा परिवार गमजदा था। परिवारीजन लखनऊ से आ रही माया देवी का इंतजार कर रहे थे कि उनकी मौत की खबर आ गई। पहले से ही बिलख रहे परिवारीजनों में माया की मौत से कोहराम मच गया। माया के तीन पुत्र अर्जुन, संदीप व गोलू हैं।