श्रावस्ती। नेपाल से दो हिरनों की खाल ला रहे एक तस्कर को एसएसबी व वन विभाग की टीम ने शनिवार रात नोमेंस लैंड से गिरफ्तार कर लिया। उसे वन विभाग के हवाले कर दिया गया है।
सशस्त्र सीमा बल सुइया बीओपी के जवानों को शनिवार रात नोमेंस लैंड पर गश्त के दौरान रात करीब आठ बजे बाबा मजार छोटी सुइया के निकट एक व्यक्ति नेपाल से भारतीय सीमा में आता दिखा। जवानों के रोकने पर वह नेपाल की ओर भागने लगा। इस पर घेराबंदी करके एसएसबी टीम ने मजार के पास ही उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से बोरी में दो हिरनों की खाल बरामद हुई। इसकी सूचना सुइया बीओपी ने डीएफओ श्रावस्ती को दी। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मल्हीपुर के ग्राम मोहनपुर निवासी संजय के रूप में हुई। एसएसबी सेनानायक प्रमोद देवरानी ने बताया कि इंटेलिजेंस से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नेपाल से भारत आ रहे हैं। इस पर विशेष निगरानी का निर्देश दिया गया था। डीएफओ श्रावस्ती आलोक शुक्ला ने बताया कि एसएसबी व फारेस्ट विभाग की संयुक्त टीम की कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
तेंदुए की खाल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बहराइच। गुलरिया बर्दिया स्थित एक होटल में केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो नेपालगंज की टीम ने तेंदुए की खाल बरामद कर दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। नेपालगंज के बर्दिया जिला प्रहरी कार्यालय के उपनिरीक्षक जनक भट्टाराई ने बताया कि शनिवार देर रात सूचना मिली कि गुलरिया बर्दिया के एक होटल में तेंदुए की खाल के साथ दो तस्कर ठहरे हुए हैं। इस पर बर्दिया नेपाल की केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो नेपालगंज की टीम ने विजया गेस्ट हाउस में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान तेंदुए की खाल के साथ दो युवकों को मौके पर गिरफ्तार किया गया। युवकों की पहचान नरबहादुर शाही वार्ड नंबर नौ नगरपालिका बांह बर्दिया तथा जीतबहादुर देवकोटा वार्ड नंबर नौ नगरपालिका बॉसगढ़ी के रूप में हुई है।