किसान पथ शुरू होने से गोरखपुर, अयोध्या की ओर से आने वाले वाहन बिना शहर में अंदर आए सुल्तानपुर, वाराणसी के लिए जा सकेंगे। बड़े वाहनों को सबसे अधिक सहूलियत होगी, जिनकी वजह से चिनहट, कमता पर जाम लगता है। अभी इनका कमता से शहीद पथ होते हुए आना होता है। इससे कई बार दिन में भी ट्रकों का जमावड़ा कमता और अहमामऊ पर लग जाता है। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी का आकलन है कि किसान पथ शुरू होने से शहीद पथ का 30 प्रतिशत तक ट्रैफिक कम हो सकता है।
अयोध्या हाईवे से कुर्सी रोड के बीच सेक्शन को पहले ही एनएचएआई पूरा कर शुरू कर चुका है। ऐसे में सुल्तानपुर रोड से आने वाला ट्रैफिक कुर्सी रोड होते हुए सीताप़ुर हाइवे जा सकेगा। इससे भी रिंगरोड का ट्रैफिक कम होगा।
पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड-2 के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र रस्तोगी ने बताया कि किसान पथ का निर्माण हमें सुल्तानपुर रोड से करीब डेढ़ किमी पहले तक करना है। इसके बाद अपने फ्लाईओवर से एनएचएआई इसे आगे लिंक करेगा। इस फ्लाईओवर के निर्माण को वर्ष 2023 तक पूरा किया जाना है।
ऐसे में हम यहां अस्थायी सड़क बना रहे हैं। इससे किसान पथ से आने वाले वाहन सुल्तानपुर रोड जा सकेंगे। यह काम दिसंबर तक खत्म हो जाएगा। इसके बनने तक इंदिरा नहर पर पहले बनी सड़क का रिनोवेशन करा दिया गया है। इससे वाहनों को आने-जाने में दिक्कत नहीं होगी।
आरओबी की बाधा दूर
सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक संदीप गुप्ता का कहना है कि किसान पथ की सबसे बड़ी बाधा आरओबी के निर्माण की दूर हो गई है। यहां स्लैब डालकर सड़क भी दोनों फ्लाईओवर के ऊपर बना दी गई है। अब केवल एक ओर टॉप बिटुमिन लेयर करने का चार-पांच काम बाकी है। इसे भी किसान पथ शुरू होने से पहले करा दिया जाएगा।