फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी के दस धार्मिक स्थलों का होगा कायाकल्प, बैठक में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मांगा प्रस्ताव

Wed, 11 Sep 2019 09:44 PM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमेठी
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने संसदीय क्षेत्र के 10 धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ अमेठी-रायबरेली रेलवे स्टेशन के बीच रेल दोहरीकरण व ऊंचाहार-अमेठी नई रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की समीक्षा की। इस दौरान स्मृति ने रेल लाइन दोहरीकरण कार्य पूरा करने की समय सीमा भी तय की।
विज्ञापन


केंद्रीय वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन बुधवार  दोपहर करीब एक बजे शासन, रेलवे व पर्यटन विभाग के सीनियर अफसरों के अलावा जिले के प्रशासनिक अफसरों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की।

बैठक में स्मृति ने भारत सरकार की ओर से संचालित स्वदेश दर्शन योजना के तहत अमेठी शहर के सगरा तालाब, लोदी बाबा मंदिर, नंदमहर धाम, जायसी स्मारक, सतगुरु सिंह हरगोविंद धाम, हनुमान गढ़ी मंदिर, कालिकन धाम, दुर्गन भवानी मंदिर, अहोरवा भवानी मंदिर तथा रायबरेली में स्थित पासी किला को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कराने के लिए 15 दिन में प्रस्ताव तैयार कराने का निर्देश दिया।
विज्ञापन


स्मृति ने अमेठी से रायबरेली तक रेल दोहरीकरण कार्य तथा ऊंचाहार से अमेठी तक बनने वाली नई रेल लाइन की भी बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में मौजूद डीआरएम लखनऊ संजय त्रिपाठी ने 550 करोड़ की लागत से रेल दोहरीकरण कार्य को चार चरणों में पूरा करने की रूपरेखा प्रस्तुत की।

डीआरएम ने ऊंचाहार-अमेठी नई रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण कार्य पूरा नहीं होने की बात कही। इस पर रायबरेली डीएम नेहा शर्मा ने अपने जनपद में पडने वाली भूमि के अधिग्रहण का कार्य पूरा करने का अभिलेख प्रस्तुत किया।

इसके बाद स्मृति ने डीएम अमेठी प्रशांत शर्मा व एडीएम वंदिता श्रीवास्तव को अमेठी जिले में लाइन के लिए चिह्नित भूमि का अविलंब अधिग्रहण पूरा कराने का निर्देश दिया। मंत्री ने डीआरएम को क्षेत्र की मानव रहित रेल क्रॉसिंग पर कर्मचारी नियुक्त कर आवागमन को सुगम बनाने का निर्देश दिया।

स्मृति ने बैठक में मौजूद अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी को अमेठी जिले के सभी ब्लॉकों में फायर स्टेशन स्थापित करने के साथ ही इस विभाग को अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने, जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस अफसरों से समन्वय स्थापित कर पुलिस चौकी/थाना खोलवाने का निर्देश दिया।

बैठक में डीएम रायबरेली के अलावा अमेठी के डीएम प्रशांत शर्मा व एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीडीओ प्रभुनाथ के साथ ही वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अजीत कुमार व वरिष्ठ मंडल अभियंता गौरव वर्मा मौजूद रहे।
Trending Videos

2020 तक पूरा होगा रेल दोहरीकरण कार्य

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी - फोटो : amar ujala
डीआरएम लखनऊ संजय त्रिपाठी ने बताया कि 550 करोड़ की लागत से शुरू रेल दोहरीकरण कार्य चार चरणों में दिसंबर 2020 तक पूरा हो जाएगा। कहा कि अमेठी से गौरीगंज 13.37 किमी लंबा कार्य दिसंबर 2019, गौरीगंज से जायस 18 किमी लंबा कार्य मार्च 2020, जायस से रायबरेली 20 किमी लंबा कार्य सितंबर 2020 तो रूपामऊ से रायबरेली तक 10 किलोमीटर लंबे रेल दोहरीकरण का कार्य दिसंबर 2020 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ट्रेनों के विलंब से चलने की समस्या से निजात मिलेगी। 

मथुरा-काशी मॉडल पर बनेगा गौरीगंज स्टेशन
डीआरएम ने बताया कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जिला मुख्यालय के गौरीगंज रेलवे स्टेशन भवन को मथुरा व काशी रेलवे स्टेशन के मॉडल के रूप में तैयार करने का निर्देश दिया है। डीआरएम ने कहा कि गौरीगंज रेलवे स्टेशन के नए भवन का कार्य प्रारंभ हुआ है। भवन बनने के बाद पूरे परिसर की दीवारों पर जिले के धार्मिक स्थलों का चित्रांकन करने के साथ ही उनकी दूरी भी लिखी जाएगी। स्टेशन के बाहर भव्य गेट बनेगा।

अमेठी रेलवे स्टेशन को सुसज्जित करने के साथ ही यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाएगी। जायस रेलवे स्टेशन को मल्टीलेवल हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यहां के लोगों को सब्जी, फल व फूल का व्यवसाय करने में सहूलियत मिले। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर 600 मीटर लंबा साइडिंग प्लेटफॉर्म बनेगा। इससे लोगों को रेलवे से सामग्री भेजने में सहूलियत होगी।

प्लास्टिक मुक्त होंगे रेलवे स्टेशन
डीआरएम ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर जल्द ही सभी रेलवे स्टेशनों को प्लास्टिक मुक्त किया जाएगा। प्लास्टिक सामग्री के स्थान पर मिट्टी के बर्तन में चाय, काफी व लस्सी की सुविधा मिलेगी। इससे मिट्टी के व्यवसाय से जुड़े लोगों को रोजगार मिलेगा।

स्पेशल सैलून से गौरीगंज पहुंचीं स्मृति

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी - फोटो : amar ujala
स्मृति ईरानी अमेठी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद अपर मुख्य सचिव गृह व डीआरएम के साथ स्पेशल ट्रेन से गौरीगंज तक आईं। इस दौरान डीआरएम उन्हें चल रहे रेल दोहरीकरण कार्य के बारे में जानकारी देते रहे। स्मृति के साथ ट्रेन पर डीएम व एसपी के अलावा पर्यटन विभाग के बड़े अफसर भी मौजूद रहे।

युवती से अश्लील हरकत पर मांगी रिपोर्ट
गौरीगंज रेलवे स्टेशन से निकलते समय शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला स्मृति से मिली। महिला ने स्मृति से गांव के ही कुछ लोगों पर बेटी के साथ आए दिन अश्लील करने तथा पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं करने की शिकायत की। इस पर स्मृति ने एएसपी दयाराम सरोज को जांच कर तत्काल कार्रवाई कराने का निर्देश दिया।

स्मृति के कारण 40 मिनट खड़ी रही जनता एक्सप्रेस
स्पेशल सैलून से स्मृति ईरानी के अमेठी से गौरीगंज आने की वजह से डाउन जनता एक्सप्रेस को गौरीगंज के प्लेटफार्म नंबर दो पर 40 मिनट खड़ा रखा गया। इसके चलते ट्रेन पर सवार यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।

अचानक दुकान पर पहुंचीं स्मृति

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी - फोटो : amar ujala
अमेठी जाने के लिए शहर स्थित अपने अस्थाई आवास से निकलीं स्मृति अचानक सड़क पार कर एक पान की दुकान पर पहुंच गईं। स्मृति ने दुकानदार से 20 रुपये का चिप्स, 10 रुपये की पारले किसमी व पांच रुपये की पल्स टॉफी खरीदी। दुकानदार गुड्डू ने बताया कि स्मृति ने पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने की बात कही। 

ब्लॉक स्तर पर होगी फायर टेंडर की व्यवस्था
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि स्मृति ने उनसे अमेठी में फायर विभाग की बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त कराने को कहा। बताया कि उन्होंने एसपी डॉ. ख्याति गर्ग से फायर स्टेशनों पर संसाधन मुहैया कराने का प्रस्ताव मांगा है। प्रस्ताव मिलते ही सभी संसाधन मुहैया कराया जाएगा। 

कासिमपुर का नाम जायस सिटी रखने की मांग
गौरीगंज पहुंचीं स्मृति को जायस से आए कुछ लोगों ने ज्ञापन सौंपकर कासिमपुर हाल्ट का नाम बदलकर जायस सिटी करने की मांग की। इस पर स्मृति ने ज्ञापन की प्रति डीआरएम को सौंपते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

विरोध में लगाए पोस्टर
बुधवार को स्मृति के कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले मुसाफिरखाना में एक पोस्टर चस्पा दिखा। जय बहादुर यादव की ओर से लगवाए गए पोस्टर में केंद्रीय मंत्री से सवाल किया गया था कि अमेठी किसानों का अपमान करने वाली सांसद स्मृति ईरानी आप बताइए कि आपने अमेठी में कहां पर किसानों को कीचड़ से अनाज चुनते देखा। हालांकि बाद में प्रशासन ने पोस्टर हटवा दिए।
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री ने दो गांवों में लगाई चौपाल

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी - फोटो : amar ujala
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को ताला और गौरा गांवों में चौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुनीं। बुधवार दोपहर बाद स्थानीय विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत ताला स्थित मुकुटनाथ धाम परिसर में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में चौपाल लगाई।

चौपाल में ग्राम प्रधान आशा देवी चौरसिया ने ग्राम पंचायत की विभिन्न समस्याओं से संबंधित एक मांग पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपा। पूर्व ब्लॉक प्रमुख/ग्राम प्रधान प्रतिनिधि घनश्याम चौरसिया ने गांव को विकसित किए जाने के लिए केंद्रीय मंत्री से सहयोग की मांग की।

केंद्रीय मंत्री ने मौजूद जिला स्तरीय व तहसील स्तरीय अधिकारियों से सभी समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ प्रभुनाथ, एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, एएसपी दयाराम, सीएमओ आरएम श्रीवास्तव, एसडीएम राम शंकर, तहसीलदार पल्लवी सिंह, सीओ पीयूषकांत राय, बीडीओ राजीव श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें