फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel Hamas War LIVE: भारत ने फलस्तीन भेजी राहत सामग्री; गाजा सीमा पर मर्कवा टैंक सहित इस्राइली सैनिक तैनात

Mon, 23 Oct 2023 03:04 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, यरुशलम

खास बातें

Israel Hamas War news LIVE: इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष शुरू हुए अब 16 दिन हो चुके हैं। जहां इस्राइल में मौतों का आंकड़ा 1400 के पार है, वहीं गाजा पट्टी में अब तक 4469 की मौत हो चुकी है। इस बीच इस्राइल ने गाजा पट्टी के साथ-साथ वेस्ट बैंक पर भी हमला बोला है। शनिवार देर रात इस्राइली सेना ने वेस्ट बैंक के जेनिन में मौजूद एक मस्जिद को निशाना बनाया। इस्राइली डिफेंस फोर्सेज के मुताबिक, मस्जिद परिसर का एक हिस्सा आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो रहा था। इस घटना में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। इस बीच हिज्बुल्ला की ओर से बढ़ते खतरे को देखते हुए अमेरिका ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को इस्राइल को मुहैया कराने का फैसला किया है। पढ़ें सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
इस्राइल ने वेस्ट बैंक की अल-अंसार मस्जिद के करीब किया हमला। - फोटो : Social Media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:57 AM, 23-Oct-2023

इस्राइली प्रधानमंत्री की बैठक
इस्राइल पीएमओ ने ट्वीट कर बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू युद्ध मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ सुरक्षा प्रतिष्ठान के अधिकारियों के साथ तेल अवीव में बैठक कर रहे हैं। इस दौरान वे सुरक्षा कार्यों का मूल्याकंन भी करेंगे।

11:46 PM, 22-Oct-2023

ऑपरेशन अजय के तहत भारत पहुंची छठीं फ्लाइट
ऑपरेशन अजय के तहत इस्राइल में फंसे भारतीयों को लेकर छठीं फ्लाइट भारत पहुंच गई। छठीं फ्लाइट में कुल 143 यात्री शामिल थे। बता दें, इस फ्लाइट दो नेपाली नागरिक भी भारत पहुंचे हैं। इस्पात और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने हवाईअड्डे पर यात्रियों का स्वागत किया।

09:36 PM, 22-Oct-2023

मिस्र की एक चौकी पर हमला टैंक से गलती से हमला

इस्राइल रक्षा बल का एक टैंक ने दुर्घटनावश केरेम शालोम के क्षेत्र में सीमा से सटे मिस्र की एक चौकी पर हमला हो गया। इस्राइली सेना ने इसके लिए माफी मांगी है। इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने ट्वीट किया कि थोड़ी देर पहले एक आईडीएफ टैंक ने गलती से गोलीबारी की और केरेम शालोम के क्षेत्र में सीमा से सटे मिस्र की एक चौकी पर हमला कर दिया। घटना की जांच की जा रही है और विवरण की समीक्षा की जा रही है। आईडीएफ घटना को लेकर दुख व्यक्त करता है।

विज्ञापन
08:09 PM, 22-Oct-2023

17 ट्रकों का एक काफिला गाजा पहुंचा

मिस्र की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फलस्तीनियों के लिए सहायता लेकर आ रहे 17 ट्रकों का एक काफिला गाजा में प्रवेश कर गया है।

07:02 PM, 22-Oct-2023

फलस्तीन के लोगों के लिए भारत की मानवीय सहायता मिस्र पहुंची

फलस्तीन के लोगों के लिए भारत की मानवीय सहायता मिस्र पहुंच गई है। मिस्र में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते ने फलस्तीन को आगे भेजने के लिए मिस्र के रेड क्रिसेंट को राहत सामग्री सौंपी। विदेश मंत्रालय की ओर से यह जानकारी दी गई है।
 

विज्ञापन
06:56 PM, 22-Oct-2023

गाजा सीमा पर मर्कवा टैंक सहित इस्राइली सैनिक तैनात

दक्षिण इस्राइल में गाजा सीमा पर मर्कवा टैंक सहित इस्राइली सैनिक तैनात हैं।
 

06:16 PM, 22-Oct-2023

इस्राइल में मारे गए चार नेपाली छात्रों के शव काठमांडू पहुंचे

इस्राइल में हमास के हमले में मारे गए चार नेपाली छात्रों के शव काठमांडू वापस लाए गए हैं। चारों छात्रों के शव हाल ही में उनकी पहचान और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इस्राइली सरकार द्वारा तेल अवीव में नेपाल के दूतावास को सौंप दिए गए थे। शनिवार सुबह वापस लाए गए शवों में दार्चुला के लोकेंद्र सिंह धामी और दीपेश राज बिस्सा के शव शामिल थे। कैलाली के नारायण प्रसादे न्यूपाने का पार्थिव शरीर शुक्रवार को लाया गया। 

विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सऊद के प्रेस समन्वयक केशव सऊद ने बताया कि कैलाली के आशीष चौधरी का शव शनिवार दोपहर यहां त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचा। नेपाल सेना मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, सभी चार शवों को शनिवार को नेपाल सेना के हेलीकॉप्टर से पश्चिमी नेपाल के धनगढ़ी ले जाया गया। बाकी छह शवों की पहचान और कानूनी प्रक्रिया चल रही है।

06:16 PM, 22-Oct-2023

दो नेपालियों समेत 143 यात्रियों को लेकर इस्राइल से रवाना हुआ विमान

इस्राइल छोड़ने के इच्छुक दो नेपाली नागरिकों और चार बच्चों समेत 143 लोगों को लेकर 'ऑपरेशन अजय' के तहत एक विशेष विमान रविवार को भारत के लिए रवाना हुआ। सात अक्तूबर को हमास के आतंकियों ने इस्राइली शहरों पर हमला कर दिया था, जिसके बाद 12 अक्तूबर को भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए शुरू किए गए ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत यह छठी उड़ान है। सूत्रों के मुताबिक, विमान में दो नेपाली नागरिकों और चार शिशुओं समेत 143 लोग सवार हैं।

पिछले मंगलवार को 18 नेपाली नागरिकों को विशेष विमान से लाया गया था। अब तक कुल पांच विशेष विमान बच्चों समेत लगभग 1,200 यात्रियों को तेल अवीव से दिल्ली ला चुके हैं। हमास के हमले के बाद गाजा पर इजराइल के जवाबी हमलों में बच्चों समेत लगभग 4,400 फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस्राइल में कम से कम 1,400 इजराइलियों और विदेशी नागरिकों की मौत हुई है।

05:08 PM, 22-Oct-2023

भारतीय नागरिकों को लेकर छठी उड़ान इस्राइल के तेल अवीव से रवाना

भारतीय नागरिकों को लेकर छठी उड़ान इस्राइल के तेल अवीव से रवाना हो चुकी है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी है।

02:23 PM, 22-Oct-2023

इस्राइल ने बनाई एक नई सुरक्षा एजेंसी 'निली'

हमास के आतंकियों की ओर से इस्राइल पर किए गए हमले में दुनिया की सबसे ताकतवर एजेंसी के तौर पर जानी जाने वाली मोसाद और शिन बेट पर तमाम तरह के सवालिया निशान लगने लगे। माना यही जाने लगा कि इन खुफिया एजेंसियों की नाकामी के चलते ही हमास के आतंकियों ने यह सबसे बड़ा हमला कर दिया। फिलहाल अपने ऊपर हुए अब तक के सबसे बड़े हमले के बाद इजरायल ने हमास के आतंकियों को खत्म करने के लिए एक नई एजेंसी "निली" का गठन कर दिया है। इसी हफ्ते हुए इस नई सुरक्षा एजेंसी के गठन के बाद इसके सदस्यों को जो टारगेट दिया गया है वह इस्राइल पर हमला करने वाले प्रत्येक हमास के आतंकी नुखवा ( हमास के सैनिक कमांडो,।जो आतंकी हमले में शामिल थे) को खत्म करने का है। सुरक्षा मामलों से जुड़े जानकारों का मानना है कि यह एजेंसी सबसे बड़ी ताकत के साथ अपने टारगेट को भेदने की तैयारी में लग गई है।

02:00 PM, 22-Oct-2023

'...इस लड़ाई का कोई नायक नहीं केवल पीड़ित हैं': सऊदी अरब

गाजा में चल रहे युद्ध पर कड़ी टिप्पणी करते हुए, सऊदी अरब के एक राजकुमार, जो देश के पूर्व खुफिया प्रमुख थे ने हमास और इजरायल दोनों की निंदा की है। साऊदी प्रिंस ने कहा है कि इस संघर्ष में कोई नायक नहीं है, केवल पीड़ित हैं। तुर्की अल फैसल ने एक अमेरिकी विश्वविद्यालय में अपने भाषण में भारत का भी करते हुए सविनय अवज्ञा के माध्यम से कब्जे का विरोध करने के स्वतंत्रता आंदोलन का उदाहरण दिया। पढ़ें पूरी खबर...

01:27 PM, 22-Oct-2023

इस्राइल के गाजा पर हमले से भारत में पढ़ रहे फलस्तीनी छात्र परेशान

इस्राइल के हमले के बाद से गाजा पट्टी से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनमें धराशायी इमारतें, चारों तरफ बिखरा मलबा और रोते-बिलखते लोग दिख रहे हैं। इन तस्वीरों से पूरी दुनिया दुखी है लेकिन भारत में रह रहे कुछ युवा इन तस्वीरों को देखकर बेहद परेशान हैं और उन्हें बार-बार पैनिक अटैक आ रहे हैं। दरअसल ये हैं भारत में पढ़ रहे फलस्तीनी छात्र। ये फलस्तीनी छात्र लगातार गाजा पट्टी में रह रहे अपने प्रियजनों के लिए परेशान और फिक्रमंद हैं। ये छात्र अपनी पढ़ाई पर भी फोकस नहीं कर पा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...

01:05 PM, 22-Oct-2023

पश्चिम एशिया में अतिरिक्त एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करेगा अमेरिका

अमेरिका में पश्चिम एशिया में अपने अतिरिक्त एयर डिफेंस सिस्टम भेजने का फैसला किया है। अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने यह जानकारी दी है। लॉयड ऑस्टिन ने बताया कि ईरान के साथ बढ़ते तनाव के चलते अमेरिका पश्चिम एशिया में टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (थाड) सिस्टम और पैट्रियट बटालियन भेजेगा ताकि पश्चिम एशिया में अपनी ताकत को बढ़ाया जा सके। पढ़ें पूरी खबर...

12:45 PM, 22-Oct-2023

पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने फलस्तीन का किया समर्थन

इस्राइल हमास के बीच जारी युद्ध के बीच मशहूर पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने गाजा का समर्थन किया है। ग्रेटा ने गाजा में इस्राइली हमले में हो रही लोगों की मौतों पर दुख जताया और लोगों से इसके खिलाफ बोलने की अपील की। ग्रेटा ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है। अब इस्राइल ने भी इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। पढ़ें पूरी खबर...

12:33 PM, 22-Oct-2023

इस्राइल और हमास के बीच बीते दो हफ्ते से जारी संघर्ष के चलते इस्राइल के दक्षिणी क्षेत्र में रहने वाले कई लोगों को अपने घरों को छोड़कर जाना पड़ रहा है। 

12:04 PM, 22-Oct-2023

गाजा के लिए पहुंच रही मदद पर यूएन ने जताया आभार

संयुक्त राष्ट्र के नेताओं और एजेंसियों ने मिस्र से राफा सीमा पार कर गाजा में मानवीय सहायता पहुंचने का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक छोटी सी शुरुआत है। उन्होंने इस दौरान अपनी तत्काल युद्धविराम के लिए की गई अपील को भी दोहराया। इजिप्शियन रेड क्रिसेंट सोसाइटी के 20 ट्रकों के काफिले ने मानवीय आपूर्ति के साथ गाजा में प्रवेश किया। यह पहली खेप है जो सात अक्टूबर को इजराइल पर फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के हमलों के बाद शुरू हुए युद्ध के बाद गाजा पहुंची है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने शनिवार को कहा,' मैं, इस संबंध में मिस्र के प्रति गहरा आभार व्यक्त करता हूं। लेकिन गाजा को इससे बहुत अधिक चाहिए, उन्हें आवश्यक पैमाने पर मानवीय सहायता की निरंतर आपूर्ति की आवश्यकता है।'

11:43 AM, 22-Oct-2023

इस्राइल-फलस्तीन विवाद पर बुलाया जाना चाहिए संसद सत्र

राकांपा (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने इस्राइल-फलस्तीन विवाद को लेकर संसद सत्र बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की हिंसा ठीक नहीं है। युद्ध से आखिर क्या मिलता है? एक वैश्विक नागरिक के तौर पर हमारी भूमिका शांति लाने की होनी चाहिए। जो भी संघर्ष हो रहा है, उससे सबको नुकसान होगा। जो भी चीजें दुनियाभर में हो रही हैं, उनका सबसे ज्यादा प्रभाव भारत की अर्थव्यवस्था पर होगा। भारत सरकार को किसी तरह के 'जुमलेबाजी' सत्र की जगह एक गंभीर सत्र बुलाना चाहिए या कम से कम सर्वदलीय बैठक तो बुलानी ही चाहिए, ताकि इस्राइल-फलस्तीन युद्ध के अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा हो सके। 

11:20 AM, 22-Oct-2023

इस्राइल की सेना ने वेस्ट बैंक के जेनिन क्षेत्र में अल-अंसार मस्जिद परिसर में स्थित आतंकी संगठन हमास और इस्लामिक जिहाद के कमांड सेंटर पर हवाई हमला किया। इस्राइली सेना ने बताया कि खुफिया जानकारी से पता चला था कि मस्जिद परिसर का इस्तेमाल इस्राइली नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने के लिए एक कमांड सेंटर के रूप में किया जा रहा था। पढ़ें पूरी खबर...

11:06 AM, 22-Oct-2023

फलस्तीन के लिए भारत ने भेजी राहत सामग्री

फलस्तीन के लोगों के लिए लगभग 6.5 टन चिकित्सा सहायता और 32 टन आपदा राहत सामग्री लेकर IAF C-17 की उड़ान मिस्र में एल-अरिश हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ। सामग्री में आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं, सर्जिकल सामान, तंबू, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, स्वच्छता सुविधाएं, जल शुद्धिकरण टैबलेट सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।

10:54 AM, 22-Oct-2023

इस्राइली सेना की लेबनान को चेतावनी

इस्राइली सेना के प्रवक्ता जोनाथन कॉन्क्रियस ने कहा कि अब तक गाजा में हमारी प्रतिक्रिया काफी सधी रही है। हमने सीमा के करीब के इलाकों में टैंक के साथ-साथ ड्रोन्स का भी इस्तेमाल किया है। हमने हिज्बुल्ला के कई ठिकानों को निशाना बनाया है। हिज्बुल्ला काफी खतरनाक खेल खेल रहा है। वह स्थितियों को लगातार बिगाड़ने की कोशिश में है। क्या लेबनान सच में लेबनान की समृद्धि और स्वायत्ता को गाजा के आतंकियों के लिए खत्म हो जाने देगी। हिज्बुल्ला आक्रामक है और वह लेबनान को भी इस युद्ध में धकेल रहा है। 

10:12 AM, 22-Oct-2023

Israel Hamas War LIVE: भारत ने फलस्तीन भेजी राहत सामग्री; गाजा सीमा पर मर्कवा टैंक सहित इस्राइली सैनिक तैनात

इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष शुरू हुए अब 16 दिन हो चुके हैं। जहां इस्राइल में मौतों का आंकड़ा 1400 के पार है, वहीं गाजा पट्टी में अब तक 4469 की मौत हो चुकी है। इस बीच इस्राइल ने गाजा पट्टी के साथ-साथ वेस्ट बैंक पर भी हमला बोला है। शनिवार देर रात इस्राइली सेना ने वेस्ट बैंक के जेनिन में मौजूद एक मस्जिद को निशाना बनाया। इस्राइली डिफेंस फोर्सेज के मुताबिक, मस्जिद परिसर का एक हिस्सा आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो रहा था। इस घटना में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। इस बीच हिज्बुल्ला की ओर से बढ़ते खतरे को देखते हुए अमेरिका ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को इस्राइल को मुहैया कराने का फैसला किया है। पढ़ें सभी अपडेट्स...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें