फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi in Varanasi Live: पीएम बोले-गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है, हमारे लिए माता है

Thu, 23 Dec 2021 04:08 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

खास बातें

PM Narendra Modi in Varanasi Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक बार फिर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। 10 दिन की अवधि में पीएम मोदी का यह दूसरा दौरा था जब पीएम काशी पहुंचे थे। करीब ढाई घंटे के काशी दौरे में पीएम मोदी ने पिंडरा के करखियांव में अमूल प्लांट की आधारशिला रखने के साथ ही 2100 करोड़ रुपये की 27 परियोजनाएं अपने संसदीय क्षेत्र की जनता को समर्पित कीं। पढ़ें पीएम के दौरे का हर अपडेट...
विज्ञापन
पीएम मोदी लोगों को कर रहे संबोधित - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:07 PM, 23-Dec-2021

बनारस से दिल्ली रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री का विमान वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए शाम 4:45 बजे  उड़ान भरा। सड़कों को आमजन के लिए खोल दिया गया है। 

02:53 PM, 23-Dec-2021

कुछ लोगों को यूपी के विकास से तकलीफ होती है- पीएम

कुछ लोगों को यूपी के विकास की बात करने से तकलीफ होती है। ये लोग नहीं चाहते कि काशी का विकास हो। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास की बातें भी उनके सिलेबस में ही नहीं है। उनकी सोच, बोलचाल सिलेबस में क्या है सब जानते हैं- माफियावाद, परिवारवाद, जमीनों पर अवैध कब्जा। पहले की सरकारों के समय यूपी के लोगों को जो मिला और आज लोगों को हमारी सरकार से जो मिल रहा है उसका फर्क साफ है। हम यूपी में विरासत को बढ़ा रहे हैं और विकास को भी। लेकिन अपना स्वार्थ सोचने वाले इन लोगों को पूर्वांचल के विकास से, बाबा के काम से, विश्वनाथधाम के काम से आपत्ति होने लगी है। मुझे बताया गया कि बीते रविवार डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे थे। यूपी को पीछे धकेलने वाले इन लोगों की नाराजगी और बढ़ेगी। लेकिन जैसे जैसे आपका आशीर्वाद हमारे लिए बढ़ता जाता है उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंचेगा। डबल इंजन की सरकार यूपी के लिए ऐसी ही मेहनत करती रहेगी। हम विकास के नए रिकॉर्ड बनाते रहेंगे। आप सभी को सभी विकास परियोजनाओं की आप सभी को बधाई। अंत में पीएम ने भारत माता की जय के नारे लगवाए और अपना संबोधन को विराम दिया।

02:47 PM, 23-Dec-2021

पीएम ने गिनाए विकास के काम

किसानों को आत्मनिर्भर बनाने, अवैध कब्जे से मुक्त करने में स्वामित्व योजना की बड़ी भूमिका है। योगी जी के नेतृत्व में ये काम सफलतापूर्वक हो रहा है। करीब 21 लाख परिवारों को घरौनी के दस्तावेज दिए गए हैं। अब किसी पिछड़े दलित या कमजोर लोगों को अपने घर पर कब्जे की चिंता नहीं होगी। घरौनी मिलने से जरूरत पड़ने पर बैंकों से लोन लेना आसान होगा। रोजगार के माध्यम उपलब्ध होंगे। विकास की जब बात आती है तो काशी अपने आप में मॉडल बनता जा रहा है। पुरातन व्यवस्था बनाए रखते हुए आधुनिकता की ओर कैसे बढ़ा जा सकता है उसे काशी दिखा रहा है। लंगर हॉल के बनने से यहां देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा होगी। नए पार्किंग स्थलों का निर्माण हो रहा है जिससे जाम से बहुत राहत मिल रही है। दिल्ली कानपुर आगरा से आने वाले लोगों को यहां आने में काफी सुविधा होगी। वाराणसी भदोही गोपीगंज के सड़क चौड़ीकरण से शहर से निकलने वाली गाड़ियां बाहर से निकल जाएंगी जिससे जाम कम होगा। उन्होंने चिकित्सा और बुनकरों के लिए किए गए काम के बारे में भी बताया।

विज्ञापन
02:44 PM, 23-Dec-2021

पहले सबकुछ प्राकृति होता है था लेकिन समय के साथ सब बदलता गया- पीएम

पीएम ने कहा कि पहले खेती आदि सबकुछ प्राकृतिक होता था लेकिन समय के साथ दबाव बढ़ता गया और प्राकृतिक खेती कम होती गई। लेकिन अब एक बार फिर समय की मांग है कि हम प्राकृतिक खेती की ओर लौटें। मैं अपने किसान भाई-बहनों से आग्रह करता हूं कि आप प्राकृतिक खेती की तरफ आगे बढ़ें। इसमें खर्च कम होता है उत्पाद भी बढ़ता है। ये सबसे सुरक्षित तरीका है और इससे उपजे फसलों की कीमत भी ज्यादा मिलती है।

02:41 PM, 23-Dec-2021

पीएम ने कहा, 6-7 वर्ष पहले की तुलना में देश में दूध उत्पादन लगभग 45 प्रतिशत बढ़ा है। आज भारत दुनिया का लगभग 22 प्रतिशत दूध उत्पादन करता है। मुझे खुशी है कि यूपी आज देश का सबसे अधिक दूध उत्पादक राज्य तो है ही, डेयरी सेक्टर के विस्तार में भी बहुत आगे है। मेरा अटूट विश्वास है कि देश का डेयरी सेक्टर, पशुपालन, श्वेत क्रांति में नई ऊर्जा, किसानों की स्थिति को बदलने में बहुत बड़ी भूमिका निभा सकती है। इस विश्वास के कई कारण भी हैं। तीसरा ये कि पशुपालन, महिलाओं के आर्थिक उत्थान, उनकी उद्यमशीलता को आगे बढ़ाने का बहुत बड़ा जरिया है। और चौथा ये कि जो हमारा पशुधन है, वो बायोगैस, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती का भी बहुत बड़ा आधार है। पहला ये कि पशुपालन, देश के छोटे किसान जिनकी संख्या 10 करोड़ से भी अधिक है, उनकी अतिरिक्त आय का बहुत बड़ा साधन बन सकता है। दूसरा ये कि भारत के डेयरी प्रॉडक्ट्स के पास, विदेशों का बहुत बड़ा बाजार है जिसमें आगे बढ़ने की बहुत सारी संभावनाएं हमारे पास हैं।

विज्ञापन
02:37 PM, 23-Dec-2021

पीएम ने लौंगलता का भी किया जिक्र

डबल इंजन की हमारी सरकार पूरी ताकत से किसानों के लिए काम कर रही है। सहकारिता क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने वाली बनास डेयरी और पशुपालकों के बीच एक नई साझेदारी शुरू हुई है। इससे सिर्फ पिंडरा ही नहीं आसपास के सभी क्षेत्रों को इसका लाभ होगा। आसपास के गांवों में दूध खराब होने की चिंता से भी मुक्ति मिलेगी। अच्छे किस्म के पशुओं को पाला जाएगा। दूध दही छास मक्खन के अलावा यहां आइसक्रीम और मिठाइयां भी बनेंगी। यानी बनारस की छेने की मिठाईयां या लौंगलता का स्वाद और बढ़ जाएगा। अब तो मलईयो का मौसम भी आ ही गया है। एक प्रकार से बनास काशी संकुल बनारस के रस को और बढ़ा देगा।

02:36 PM, 23-Dec-2021

भारत हर साल करीब 8.5 लाख करोड़ रुपये के दूध का उत्पादन करता है- पीएम

पीएम ने कहा, पशुपालक परिवारों की मदद से आज भारत हर साल करीब 8.5 लाख करोड़ रुपये के दूध का उत्पादन करता है। ये राशि, जितना भारत में गेहूं और चावल का उत्पादन होता है, उसकी कीमत से भी कहीं ज्यादा है। इसलिए भारत के डेयरी सेक्टर को मजबूत करना आज हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।

02:32 PM, 23-Dec-2021

हम किसानों के लिए कर रहे कई काम

आज वाराणसी और आसपास का पूरा क्षेत्र एक बार फिर से पूरे देश, उत्तर प्रदेश के गांवों, किसानों, पशुपालकों के लिए बहुत बड़े कार्यक्रम का साक्षी बना है। पीएम ने कहा कि हमने कामधेनु आयोग का गठन किया, हजारों करोड़ का विशेष फंड बनाया है, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ा है। किसानों को गुणवत्ता वाले बीज फ्री में मिलें इसका भी कार्य हो रहा है। हमारी सरकार सिर्फ कोरोना वैक्सीन ही मुफ्त नहीं लगा रही बल्कि पशु धन को बचाने के लिए अनेक टीके मुफ्त लगा रही है।

02:23 PM, 23-Dec-2021

गाय हमारे लिए माता

पीएम मोदी ने अपना संबोधन लोगों के अभिवादन से किया। पीएम ने कहा कि वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र के प्रणाम करत हईला। जौनपुर के लोगन के भी प्रणाम। आज ये क्षेत्र एक बार फिर से पूरे प्रदेश के किसानों के लिए बहुत बड़े आयोजन का साक्षी बना। आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की जन्म जयंती है। उनकी स्मृति में देश किसान दिवस मना रहा है। हमारे यहां गाय की बात करना गोबर की बात करना कुछ लोगों ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं जैसे कोई गुनाह कर दिया हो। गाय कुछ लोगों केलिए गुनाह हो सकती है हमारे लिए माता है।

पीएम मोदी ने काशी को दी 2100 करोड़ की सौगात

पीएम मोदी ने बटन दबाकर बनास दुग्ध प्लांट से लेकर तमाम विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। इस मौके पर पीएम ने मंच से छह लोगों को घिरौनी भी दी।

सीएम बोले ये बात

सीएम ने कहा कि, पिछले 10 दिनों से काशी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। काशी की सांस्कृति पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही है, इसके लिए उनका यूपी और मेरी ओर से आभार व धन्यवाद।

पीएम ने किया वो चमत्कार जिसका सदियों से था इंतजार

सीएम ने कहा कि बीते 13 दिसंबर को काशी को पीएम ने ऐसा चमत्कार दिया है जिसकी सदियों से काशी को जरूरत थी। आज दुनिया काशी की ओर निहार रही है। किसानों को दूध से कमाया बोनस भी किसानों को वापस मिलने जा रहा है। 2100 करोड़ की योजनाओं की सौगात भी काशी को मिलेगी।

सीएम ने जनता को संबोधित किया

सीएम ने पीएम मोदी समेत सभी गणमान्य सदस्यों व जनता का अभिवादन करते हुए अपना संबोधन शुरू किया।

स्वामित्व योजना में वाराणसी बनेगा मॉडल

स्वामित्व योजना में प्रदेश में मॉडल के रूप में वाराणसी सबसे ज्यादा गांवों का सर्वे पूरा कर चुका है। एक महीने में जिले भर के 1020 गांवों की आपत्ति निपटा कर करीब 85 हजार परिवारों को घरौनी दे दी जाएगी। इसके जरिए गांवों में घर और खेती की जमीन से अलग भूखंडों पर होने वाले छोटे छोटे विवादों से भी छुटकारा मिलने की उम्मीद है। पीएम के हाथों बटन दबने के बाद वाराणसी के 35 हजार लोगों को एक साथ घरौनी का लिंक पहुंच जाएगा।

मंच पर पहुंचे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर पहुंच चुके हैं, जल्द वह कई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह जनता को संबोधित भी करेंगे।

पीएम मोदी पहुंचे सभास्थल

पीएम मोदी सभास्थल पर पहुंचे और विकास परियोजनाओं के मॉडल का अवलोकन किया जिनका आज वो शिलान्यास करने वाले हैं।
 

प्रधानमंत्री को दिया जाएगा खास तोहफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी  में इस बार कुछ खास तोहफा देने की तैयारी की गई है। यहां पीएम मोदी को किसानों द्वारा लकड़ी का स्टेच्यू भेंट किया जाएगा, तो वहीं प्रधानमंत्री को खास तरह के अंग वस्त्र से अभिनंदन किया जाएगा।

संत रविदास मंदिर में सामुदायिक भवन का लोकार्पण

रविदासिया धर्म के आस्था का प्रमुख केंद्र संत रविदास मंदिर का संपूर्ण क्षेत्र विकास की नई इबारत लिख रहा है। मंदिर क्षेत्र में राजकीय निर्माण निगम ने 5.35 करोड़ की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया है। प्रधानमंत्री आज सामुदायिक भवन का लोकार्पण करेंगे। संत रविदास के जन्मोत्सव पर सीर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकार ने इसका निर्माण कराया है। 

 थोड़ी देर में जनसभा स्थल पहुंचेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी एयरपोर्ट पर दोपहर 12:35 बजे पहुंचे। 12:53 बजे नेताओं से मुलाकात के बाद पिंडरा स्थित कखरियांव में कार्यक्रम स्थल के लिए सड़क मार्ग से निकले। थोड़ी देर में पीएम मोदी और सीएम योगी जनसभा स्थल पहुंचेंगे।
 

वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान वाराणसी के बाबतपुर स्थित एयरपोर्ट पर लैंड कर चुका है। अगवानी के लिए सीएम योगी और राज्यपाल मौजूद हैं। पीएम मोदी सड़क मार्ग से एयरोपोर्ट से करखियांव स्थित जनसभा स्थल तक जाएंगे। 

पौने दो लाख दूध उत्पादकों के खातों में जाएगा बोनस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों बनास डेयरी से जुड़े करीब पौने दो लाख दूध उत्पादकों के बैंक खातों में 35 करोड़ रुपये  बोनस के डिजिटल स्थानांतरण का शुभारंभ होगा। पीएम मोदी  राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की मदद से भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से विकसित, दुग्ध उत्पादों की अनुरूपता आकलन योजना को समर्पित एक पोर्टल और लोगो का भी उद्घाटन करेंगे। 

पीएम के हाथों घरौनी पाकर प्रदेश में अव्वल बनेगा बनारस

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों स्वामित्व योजना (घरौनी) का प्रमाण पत्र पाकर वाराणसी पूरे प्रदेश में अव्वल बनेगा। स्वामित्व योजना में प्रदेश में मॉडल के रुप में वाराणसी सबसे ज्यादा गांवों का सर्वे पूरा कर चुका है। पीएम के हाथों बटन दबने के बाद वाराणसी के 35 हजार लोगों को एक साथ घरौनी का लिंक पहुंच जाएगा। इससे पहले भी वाराणसी के हजारों लोगों को घरौनी मिल चुकी है। ऐसे में अब तक वाराणसी पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा घरौनी देने वाला जिला बन जाएगा। 

अगवानी करेंगे सीएम और राज्यपाल

बाबतपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे। पीएम के आगमन से आधे घंटे पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं। पीएम के रवाना होने के बाद दोनों लोग लखनऊ चले जाएंगे। 

किसानों को देंगे आत्मनिर्भर भारत का मंत्र

वाराणसी के करखियांव में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा स्थल से ही प्रधानमंत्री किसानों को आत्मनिर्भर भारत का मंत्र भी देंगे। यहां होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए वाराणसी सहित आसपास के जिलों के किसानों को आमंत्रित किया गया है।  

पीएम के आगमन को लेकर चमक उठा एग्रो पार्क

पीएम के आगमन को लेकर कभी जंगल सा नजर आने वाला करखियांव स्थित यूपीएसआईडीसी का एग्रो पार्क चमक उठा है। अमूल प्लांट के आसपास कुछ दिन तक घास फूस नजर आती है, लेकिन अब रोशनी और सजावट दिख रही है। 166 एकड़ में फैले एग्रो पार्क का परिसर कई कंपनियां संचालित हैं। 

पोर्टल और डेयरी मार्क को लांच करेंगे पीएम मोदी 

डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता प्रमाणीकरण प्रणाली लागू करेंगे। पीएम के हाथों लांच होने वाले पोर्टल के जरिए दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा का प्रमाणपत्र प्राप्त किया जा सकेगा। साथ ही पीएम के हाथों लांच डेयरी मार्क अब दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता का प्रतीक बनेगा।

कार्यक्रम स्थल पर भीड़ जुटनी शुरू

पीएम के आवागमन को देखते हुए हाईवे के दोनों किनारों पर बैरिकेडिंग भी की गई है। प्रधानमंत्री का जनसभा स्थल सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है और काले कपड़े पहन कर किसी को भी नहीं जाने दिया जाएगा। पीएम मोदी के आगमन से पहले वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर स्थित करखियांव कार्यक्रम स्थल पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।

काशी को मोदी की सौगात: पीएम बोले-गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है, हमारे लिए माता है

दिव्य काशी-भव्य काशी अभियान को गति देंगे पीएम मोदी 
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद दिव्य काशी-भव्य काशी अभियान को गति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी आ रहे हैं।  दोपहर में वायुसेना के विशेष विमान से एयरपोर्ट पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क मार्ग से पिंडरा के करखियांव में आयोजित कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट से करखियांव गांव तक चप्पे-चप्पे पर चौकसी बरती जा रही है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें