फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022 Live : रैली और रोड शो पर पाबंदी 31 जनवरी तक बढ़ी, पहले चरण के लिए 28 जनवरी से मिलेगी थोड़ी छूट

Sat, 22 Jan 2022 07:53 PM IST
हिमांशु मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

UP Assembly Election 2022 Live News Updates in Hindi: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 10 फरवरी को पहले चरण का मतदान होना है। इसके लिए सभी पार्टियों ने प्रत्याशियों का भी एलान कर दिया है। राजनीतिक उठापठक के बीच चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी जारी है। इन सबके साथ नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी भी अब सामने आने लगी है। पढ़िए राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...
 
विज्ञापन
चुनाव आयोग - फोटो : social media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:52 PM, 22-Jan-2022

आजम खान ने चुनाव प्रचार करने के लिए मांगी जमानत

सपा नेता आजम खान ने चुनाव प्रचार के लिए बेल देने की याचिका सुप्रीम कोर्ट में लगाई है। खान रामपुर से सपा उम्मीदवार हैं। खान इस वक्त कई मामलों के चलते सीतापुर जेल में बंद हैं। 

06:46 PM, 22-Jan-2022

पहले चरण के लिए 28 जनवरी से प्रचार में मिलेगी थोड़ी छूट

पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को 28 जनवरी से कुछ छूट मिलेगी। वहीं, दूसरे चरण के लिए ये छूट एक फरवरी से मिलेगी। इस दौरान  पार्टियां और उम्मीदवार फिजिकल पब्लिक मीटिंग कर सकेंगे। घर-घर चुनाव प्रचार के लिए 5 की जगह 10 लोग जा सकेंगे। कोरोना से जुड़ी पाबंदियों के साथ खुली जगहों पर वीडियो वैन लगाकर भी प्रचार किया जा सकेगा। 

06:26 PM, 22-Jan-2022

रैली और रोड शो पर पाबंदी जारी रहेगी

 चुनाव आयोग ने रैली और रोड शो पर लगी पाबंदी को 31 जनवरी तक बढ़ा दिया है। कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए आयोग ने ये पाबंदियां लगाई थी। जो आज खत्म हो रही थीं। आज हुई बैठक के बाद इन पाबंदियों को 31 जनवरी तक और बढ़ाने का फैसला लिया गया। 

विज्ञापन
05:56 PM, 22-Jan-2022

चुनाव आयोग ने बरेली, फिरोजाबाद और कानपुर नगर के जिलाधिकारियों को हटाने का दिया आदेश

चुनाव आयोग ने शनिवार को बरेली, फिरोजबाद व कानपुर नगर के जिलाधिकारियों व फिरोजाबाद और कौशांबी के पुलिस अधीक्षकों को हटाने का आदेश जारी किया है। आईएएस सूर्यपाल गंगवार को फिरोजाबाद, आईएएस शिवकांत द्विवेदी को बरेली व आईएएस नेहा शर्मा को कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, आईपीएस आशीष तिवारी को फिरोजाबाद व हेमराज मीणा को कौशांबी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

05:23 PM, 22-Jan-2022

जेपी नड्डा का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार

भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को बिजनौर दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने नगीना, बिजनौर और मुजफ्फरनगर के नेताओं के साथ चर्चा की। 

 

विज्ञापन
04:44 PM, 22-Jan-2022

कैराना से पलायन करने वालों से मिले अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को कैराना में यहां से 2014 में पलायन करने वाले परिवार से मिले। 2017 में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद ये परिवार वापस कैराना लौटा है। 

 

04:20 PM, 22-Jan-2022

कैराना में पलायन कराने वाले लोग पलायन कर गए: अमित शाह

मीडिया से बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि आज पश्चिम यूपी के कैराना से भारतीय जनता का पर्चा बांटकर यहां से प्रत्याशी मृगांका सिंह के लिए वोट मांगा। कैराना में आज का माहौल देखकर मुझे बड़ी शांति मिलती है। पूरे प्रदेश में विकास की एक नई लहर दिखाई देती है। मोदी जी ने जो सारी योजनाएं भेजी हैं उसे योगी जी ने नीचे तक लागू किया है। पहले कैराना में लोग पलायन करते थे। आज लोगों ने कहा कि योगी सरकार की वजह से हमें पलायन कराने वाले लोग पलायन कर गए। आज मैं पलायन करने वाले मित्तल परिवार के साथ बैठा था। उन्होंने कहा कि अब हमें कोई भय नहीं है। 

04:10 PM, 22-Jan-2022

उत्तर प्रदेश में 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जदयू

भाजपा के साथ गठबंधन नहीं होने के बाद जनता दल यूनाइटेड ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की 26 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया। पार्टी का कहना है वो कम से कम 51 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह ने शनिवार को इसका एलान किया। इस दौरान उन्होंने गठबंधन नहीं होने पर अपनी ही पार्टी के नेता और मोदी सरकार में मंत्री आरसीपी सिंह को भी आड़े हाथों लिया। 

03:35 PM, 22-Jan-2022

अमित शाह का घर-घर जाकर प्रचार, कोरोना नियमों को नहीं रखा जा रहा ख्याल

गृहमंत्री अमित शाह कैरान में हैं। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने लोगों को सरकार के किए कामों के बार में भी बताया। घर-घर जाकर चुनाव आयोग ने प्रचार की अनुमति दी है। इस दौरान केवल पांच लोग जा सकते हैं, लेकिन शाह के प्रचार के दौरान भारी भीड़ देखी गई। 


 

03:02 PM, 22-Jan-2022

अलीगढ़ पहुंचे योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार करने के लिए अलीगढ़ पहुंच चुके हैं। यहां पहुंचकर उन्होंने दीन दयाल अस्पताल का निरीक्षण किया।

 

02:48 PM, 22-Jan-2022

ओवैसी बोले- यूपी में सरकार बनी तो दो मुख्यमंत्री और तीन उपमुख्यमंत्री बनाएंगे

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में बाबू सिंह कुशवाहा और भारत मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन का एलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर उनका गठबंधन सत्ता में आता है तो उनकी सरकार में दो मुख्यमंत्री बनेंगे। इनमें एक ओबीसी होगा और दूसरा दलित। इसके साथ ही तीन उप-मुख्यमंत्री होंगे। जिनमें एक मुस्लिम होगा। 

01:45 PM, 22-Jan-2022

घर-घर जाकर प्रचार करने की पूरी तैयारी: अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर जनता के लिए कुछ फैसले लिए गए हैं। इसमें 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसान के खेतों की सिचांई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी है। हमारी सरकार बनती है तो हम IT सेक्टर में 22 लाख नौजवानों को रोजगार देंगे।
इस दौरान अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी भी डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए पूरी तरह से तैयार है। टीवी पर सर्वे में भाजपा के आगे होने की बात पर उन्होंने कहा कि अगर वो सर्वे में आगे हैं फिर क्यों भाजपा के विधायक लगातार टूट रहे हैं। उनके विधायकों का विरोध हो रहा है। 

01:35 PM, 22-Jan-2022

अखिलेश यादव का नया चुनावी वादा

अखिलेश यादव ने शनिवार को रोजगार के लिए संकल्प को घोषणा शुरू की। इस दौरान उन्होंने अपना पहला संकल्प आईटी सेक्टर में रोजगार देने का किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद 22 लाख बच्चों को आईटी सेक्टर में सीधा रोजगार देने का काम करेंगे।
 

01:33 PM, 22-Jan-2022

कांग्रेस की उम्मीदवार सपा में शामिल

बरेली के पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन और उनकी पत्नी सुप्रिया ऐरन, संडीला के पूर्व विधायक की पत्नी रीता सिंह सपा में शामिल हो गईं। अखिलेश यादव ने इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने का एलान करते हुए टिकट देने का भी एलान किया। सुप्रिया ऐरन बरेली कैंट से सपा की उम्मीदवार होंगी। सुप्रिया को कांग्रेस से भी टिकट मिल चुका है। 

01:26 PM, 22-Jan-2022

अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस

सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस वक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि नए साल पर पहला संकल्प 300 यूनिट फ्री बिजली का संकल्प लिया गया, इसके बाद लैपटॉप स्कीम फिर से शुरू करने का एलान हुआ। लैपटॉप से परिवार के सभी लोगों को मदद मिली है। लॉकडाउन में समाजवादी सरकार का दिया लैपटॉप लोगों के काम आया। 

01:21 PM, 22-Jan-2022

करहल से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश, सपा का आधिकारिक एलान

समाजवादी पार्टी ने शनिवार को अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव लड़ने का आधिकारिक एलान कर दिया। सपा महासचिव राम गोपाल यादव ने अखिलेश के मैनपुरी जिले की करहल सीट से लड़ने की घोषणा की। 

12:37 PM, 22-Jan-2022

दूसरे चरण के लिए बसपा के 51 उम्मीदवारों की सूची जारी

बसपा सुप्रीमो मायावती ने दूसरे चरण के उम्मीदवारों की सूची जारी की। दूसरे चरण में 55 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। इनमें से 51 सीटों पर मायावती ने प्रत्याशियों का एलान किया। इस दौरान मायावती ने अपनी पार्टी का नया नारा 'हर पोलिंग बूथ को जिताना है, बीएसपी को सत्ता में लाना है' भी दिया। 

12:23 PM, 22-Jan-2022

प्रियंका का नारा खोखला है: सिद्धार्थ नाथ सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह प्रियंका गाधी पर हमला बोला है। सिंह ने कहा कि  प्रियंका गांधी वाड्रा ने कल कहा कि मैं उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की तरह से मुख्यमंत्री का चेहरा हूं और आज उस बात से पलट गई हैं। तो साफ है कि 'मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारा उनका खोखला है। पहले आप अपने नारे को सिद्ध करके दिखाएं।

11:44 AM, 22-Jan-2022

अमित शाह घर-घर जाकर करेंगे चुनाव प्रचार

गृह मंत्री अमित शाह आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। अमित शाह ने ट्वीट करके कहा है कि आज पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रवास पर रहूंगा। जहां सबसे पहले कैराना में उत्तर प्रदेश भाजपा के संपर्क अभियान में घर-घर संपर्क करूंगा। इसके बाद शामली में बागपत और शामली जिले के कार्यकर्ताओं से संवाद करूंगा, फिर मेरठ में विशिष्ट जन बैठक को संबोधित करूंगा। 

11:22 AM, 22-Jan-2022

हरियाणा भाजपा की टीम ने संभाली पश्चिमी यूपी की कमान

उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनाव में भाजपा ने जीत सुनिश्चित करने के लिए सीमावर्ती पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बिजनौर जिलों की 27 विधान सभा क्षेत्रों में हरियाणवी भाजपाई टीम को उतार दिया है। इन क्षेत्रों में हरियाणा से रोटी और बेटी के रिश्ते नाते वाले क्षेत्रों में कई दिग्गजों को लगाया गया है।

10:49 AM, 22-Jan-2022

UP Election News : भाजपा का चुनावी रथ रवाना
भारतीय जनता पार्टी का चुनावी रथ शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी के कार्यालय से रवाना हुआ। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहे। 

10:06 AM, 22-Jan-2022

UP Election : प्रियंका गांधी का बड़ा बयान
कांग्रेस की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने चुनाव के बाद गठबंधन की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को छोड़कर सभी पार्टियों के लिए दरवाजे खुले हैं।  इस दौरान प्रियंका ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना भी साधा। बोलीं, सपा और भाजपा एक ही तरह की राजनीति करती है। सपा के लिए केवल जाति और धर्म ही मुद्दा रहता है। इससे भाजपा और सपा दोनों को फायदा होता है। 

09:55 AM, 22-Jan-2022

Election in UP : सपा की तीन वर्चुअल रैली आज
समाजवादी पार्टी की आज तीन बड़ी वर्चुअल रैली है। सुबह 11:30 बजे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम चार बजे पूर्व एमएलसी मधु गुप्ता और शाम 4:15 पर पूर्व महापौर प्रत्याशी मीरा वर्धन वर्चुअल रैली करेंगी। 

09:32 AM, 22-Jan-2022

UP Election News: भाजपा के बागी विधायक की बेटी का बड़ा आरोप
भाजपा के बागी विधायक विनय शाक्य की बेटी रिया शाक्य ने अपने चाचा पर बड़ा आरोप लगाया है। रिया ने कहा, 'मेरे पिता विनय शाक्य ठीक से बोल नहीं सकते। वे न ही चल सकते हैं। वह ये चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे और न ही भाजपा छोड़ना चाहते थे। उन्हें 2018 में ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। उसके बाद से उनकी तबियत खराब रहती है।' बता दें कि विनय शाक्य हाल ही में भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्हें औरेया के बिधूना सीट से सपा ने प्रत्याशी बनाया है, जबकि रिया को भाजपा की तरफ से टिकट मिला है। 

09:24 AM, 22-Jan-2022

UP Chunav : योगी ने अखिलेश पर किया वार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर वार किया। उन्होंने ट्विट किया, '10 मार्च! शर्मनाक पराजय के लिए सपा एक बार फिर तैयार रहे...।' बता दें कि 10 मार्च को ही विधानसभा चुनाव का परिणाम आना है। 

09:18 AM, 22-Jan-2022

UP Election 2022 Live : रैली और रोड शो पर पाबंदी 31 जनवरी तक बढ़ी, पहले चरण के लिए 28 जनवरी से मिलेगी थोड़ी छूट

UP Election : उत्तराखंड की मंत्री के बेटे पर एफआईआर
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सौतेले बेटे के खिलाफ बरेली में एफआईआर दर्ज हुआ है। आरोप है कि रोक के बावजूद रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की पहली पत्नी से हुए बेटे रिंकू साहू ने बिना अनुपति के साहू समाज का सम्मेलन कराया। इसमें भारी भीड़ जुटी। पुलिस ने अचार संहिता के उल्लंघन के तहत इसमें एफआईआर दर्ज की है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें