Punjab Election: छत्तीसगढ़ के सीएम ने झांसी में किया प्रचार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने मंगलवार को झांसी में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बन रही है लेकिन अभी लोग इस पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें 10 मार्च को इस पर विश्वास हो जाएगा।
भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने ही आम जन से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। इसलिए जनसमर्थन हमारे साथ है। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ मॉडल को गुजरात मॉडल से बेहतर बताया। वे झांसी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इटावा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने बहन-बेटियों की रक्षा के लिए एंटी रोमियो टास्क फोर्स का गठन किया। जो लोग दूसरों की संपत्तियों पर अवैध रूप से कब्जा करते हैं उनके खिलाफ एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स बनाया है। यह फोर्स गरीबों, व्यापारियों, किसानों की संपत्तियों और भूमी पर अवैध कब्जे से मुक्त कराकर लोगों को वापस देने का कार्य कर रही है। हमने अब तक इसके तहत 64,000 हेक्टेयर भूमी को कब्जे से मुक्त कराने का कार्य किया है।
UP Election: अखिलेश भाजपा पर साधा निशाना
विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए जनसभा को संबोधित करने फतेहपुर पहुंचे पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। सीएम योगी के गर्मी निकाल देने के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जबसे दो चरणों का मतदान हुआ है, तब से भाजपाइयों की भाप निकल गई है और भाजपाई ठंडे पड़ गए हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि बाबा सीएम खुद लैपटॉप नहीं चला पाते तो बाटेंगे क्या? किसानों के बारे में उन्होंने कहा कि मंडियों में धान लुट गया, खाद मिल नहीं पा रही। डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार भी डबल हो गया।
रोजगार के विषय पर उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनी तो आईटी क्षेत्र में अपने प्रदेश में 22 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। बाबा अपने पंसदीदा जानवरों को नहीं संभाल पा रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि हमारी सरकार बनती है तो जानवरों से मरने वालों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा।
UP Chunav 2022: मैनपुरी में सपा मुखिया पर बरसे अमित शाह
मैनपुरी के क्रिश्चियन मैदान में गृहमंत्री अमित शाह चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश बाबू की सरकार परिवार के लिए चलती है। सभी जाति के लोगों का काम नहीं होता था। भाजपा जातिवाद को उखाड़ कर फेंकना में सफल हुई है। आज गुंडे माफिया पुलिस से डरते हैं। अखिलेश सरकार में पुलिस उनसे डरती थी। उन्होंने लोगों से पूछा कि अगर अखिलेश आएंगे तो जेल में बंद माफिया कहां रहेंगे।
UP Election : केशव मौर्य का बड़ा बयान
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को फर्रुखाबाद जनपद पहुंचे। वह शहर के बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन में शामिल हुए। डिप्टी सीएम ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की। विपक्ष पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस वाले इटली की यात्रा पर हैं। केशव ने अखिलेश यादव पर भी तंज कसा। बोले, यहां की जमीनों पर कब्जा करने का काम सपा के गुंडों ने किया। अखिलेश गुंडों के सरदार हैं, तभी जेल में बंद गुंडों को टिकट दिए हैं। जिन्ना का नाम लेने वालों को माफ नहीं करना है।
UP Election 2022: सीएम योगी ने फिरोजाबाद में रैली की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को फिरोजाबाद के सिरसागंज में भाजपा प्रत्याशी हरिओम यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। हरिओम यादव सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के रिश्तेदार हैं। उनके समर्थन में जनता से वोट की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने सैफई परिवार पर जमकर तंज कसे। योगी ने कहा कि हमने कहा था कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनाएंगे। आज मंदिर बन रहा है। मथुरा में ब्रज तीर्थ विकास परिषद से द्वापर युग की पहचान को फिर जीवंत करेंगे। इस पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि सैफई खानदान कभी नहीं चाहेगा कि कोई दूसरा यादव खड़ा हो। जो व्यक्ति 12 बजे सो कर उठता हो। वह अपने पराये का ध्यान नहीं रखता है। वह हरिओम यादव जैसे जनाधार वाले नेता को क्या सम्मान देगा।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि पहले दोनों चरणों में समाजवादी पार्टी और गठबंधन के लोग बहुत आगे हैं और इसलिए भाजपा की भाषा बदल गई है।
औरैया में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा पहले और दूसरे चरण में समाजवादी पार्टी और बसपा का सूपड़ा साफ होगा और भाजपा तेजी के साथ 300 सीटों की ओर बढ़ रही है।
औरैया में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, जब सपा बसपा के समर्थन से सोनिया-मनमोहन की सरकार चलती थी। तब पाकिस्तान से आलिया-मालिया-जमालिया भारत में घुस आते थे। हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे और मौनी बाबा मनमोहन उफ तक नहीं करते थे। पुलवामा में हमला किया, उड़ी में हमला किया तो मोदी ने दस दिन के अंदर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों का खात्मा करने का काम किया।
औरैया में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 18 मार्च को होली है। 10 मार्च को मतगणना है। आप दस मार्च को भाजपा की सरकार लेकर आइये, 18 को मुफ्त सिलेंडर आपके घर पहुंच जाएगा। 10 तारीख को भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताइये, पांच साल तक किसी भी किसान को बिजली का बिल भरना नहीं पड़ेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कासगंज में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि जब हम नौजवानों को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का काम करते हैं तो सपा चुनाव आयोग को शिकायत करती है। हम एक करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दे रहे हैं, सरकार बनेगी और अगले 5 वर्ष में 2 करोड़ नौजवानों को टैबलेट और स्मार्टफोन बांटने का काम किया जाएगा।
अखिलेश ने कहा, 'बसपा के लोग रास्ते से भटक गए हैं। वो बाबा साहब के रास्ते से भटक गए हैं। उनकी सरकार तो बननी है। न ही कांग्रेस की सरकार बननी है। इसलिए कोई भी गलती नहीं करना।'
याद है भाजपा बहुत घर-घर जाकर प्रचार कर रही थी। और शहरों में इनके बड़े नेता थूक लगाकर पर्चे बांट रहे थे। अब वो प्रचार बंद हो गया। वो इसलिए बंद हो गया क्योंकि जब ये घरों में गए तो लोगों ने खाली सिलेंडर दिखा दिए।
अखिलेश ने कहा, 'ये कहते हैं कि हम लोग समाजवादी नहीं है, हम लोग तमंचावादी हैं। कहते हैं कि तमंचावादियों ने तमंचे के कारखाने लगाने थे। तमंचे का लाइसेंस देख लेना, किसके पास है। मेरे पास तो कोई लाइसेंस नहीं है। अगर किसी के पास तमंचा है तो आप जानते होंगे किसके पास है।'
हमारे नौजवान पांच साल इंतजार करते रहे कि ये सरकार नौकरी देगी। लेकिन, पांच साल इंतजार में ही कट गए। 11 लाख पद खाली हैं, उन पदों को भरकर हम नौजवानों को नौकरी देने का काम करेंगे। ये गर्मी निकालने की बात करते हैं। पहले दो चरणों के लिए हुए मतदान में इनका सफाया हो गया है और जो गर्मी निकालने की धमकी देते थे उनकी भाप निकल गई। जो भाप हो गए हैं। और जब यहां वोट पड़ेगा तो उस दिन धुआं हो जाएंगे। हम उन्हें कहना चाहते हैं कि आप गर्मी निकालना चाहते हो, समाजवादी सरकार बनेगी तो अपने नौजवानों को फौज में और पुलिस में नौकरी निकालने का काम करेंगे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि अभी तक मैं समझता था कि मुख्यमंत्री लैपटॉप नहीं चला पाते हैं। लेकिन, अभी हमें जानकारी मिली कि वो स्मार्टफोन भी नहीं चला पाते। इसीलिए नौजवानों को स्मार्टफोन नहीं मिला। ये कहते थे कि हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज पर यात्रा कराएंगे। अब डीजल पेट्रोल सौ रुपए पार हो गया। अगर ये दोबारा सत्ता में आ गए तो पेट्रोल दो सौ रुपए लीटर बिकेगा।
कांग्रेस ने जौनपुर विधानसभा सीट का प्रत्याशी बदल दिया है। अब इस सीट पर नदीम जावेद कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। इसके पहले यहां से फैसल तबरेज हसन चुनाव लड़ रहे थे।
सपा पूर्वांचल में अपने ही लोगों से घिरती जा रही है। एक तरफ टिकट वितरण में देरी और दूसरी तरफ टिकटों की अदला-बदली से पार्टी नेताओं के बीच रार बढ़ती जा रही है। टिकट नहीं मिलने से नाराज पार्टी के वरिष्ठ नेता दूसरे दलों से ताल ठोंककर सपा की घेराबंदी में जुट गए हैं। अंतिम चरण में शामिल पूर्वांचल के नौ जिलों में नामांकन की अंतिम तिथि 17 फरवरी है। मंगलवार को अवकाश है। इससे अब नामांकन के लिए सिर्फ दो दिन बचे हैं। इसके बाद भी सपा अब तक 34 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक नहीं कर पाई है। पढ़ें पूरी खबर...
UP Election 2022: गोरखपुर में नोकझोंक के बीच 32 प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त
नोकझोंक के बीच सोमवार को गोरखपुर के नौ विधानसभा क्षेत्रों से नामांकन कराने वाले 32 प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त कर दिए गए। शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ सहित 116 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए हैं। जिनके पर्चे निरस्त हुए हैं, उनमें से कुछ ने चुनाव अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया है। इसे लेकर रिटर्निंग ऑफिसर से बहस भी हुई है।
UP Chunav 2022: आगरा में 37 प्रत्याशियों ने नहीं दिया चुनाव खर्च का ब्योरा
आगरा जिले की नौ विधानसभा सीटों पर 107 प्रत्याशियों में 37 ने चुनाव खर्च का ब्योरा नहीं दिया है। इनके खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं। मतगणना के बाद एक मौका और मिलेगा। फिर भी ब्योरा नहीं देने पर इनकी रिपोर्ट आयोग को भेजी जाएगी। ऐसे प्रत्याशियों पर तीन साल का प्रतिबंध लगा सकता है। आयोग ऐसे प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने से तीन साल के लिए अयोग्य घोषित कर सकता है।
UP Election: ओवैसी पर हमले के मामले में बड़ा खुलासा
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर हमला करने के लिए आरोपियों ने चार साल पहले सवा लाख रुपये में दो पिस्टल और 50 कारतूस खरीदे थे। हथियार मुहैया कराने वाले आलिम ने आरोपी सचिन के डासना स्थित मकान पर काम किया था। तभी से दोनों संपर्क में थे। वहीं कस्टडी रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने सोमवार को आरोपियों का 24 घंटे की रिमांड का समय पूरा होने पर उन्हें न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। हापुड़ जिले के छिजारसी टोल प्लाजा पर गत तीन फरवरी को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लेमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी की गाड़ी पर हमला करने वाले आरोपी सचिन और शुभम को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 24 घंटे की रिमांड पर लिया था। रविवार सुबह दस बजे से आरोपी पुलिस कस्टडी में रिमांड पर थे।
UP Election News: ओमप्रकाश राजभर का बड़ा आरोप
समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा आरोप लगाया है। कहा कि बेटे अरविंद राजभर का शिवपुर से नामांकन करने के दौरान उनपर और बेटे पर हमला हुआ है। राजभर ने आगे कहा, योगी जी मुझे मारना चाहते हैं। मुझे मारने के लिए आने वाले लोग काले कोट में थे और उन्हें भाजपा और योगी ने भेजा था। राजभर ने चुनाव आयोग से खुद और बेटे के लिए सुरक्षा की मांग की है।
सीएम योगी की तीन बड़ी रैलियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कन्नौज, कासगंज और फिरोजाबाद में तीन बड़ी रैलियां करेंगे। कासगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा तीर्थनगरी सोरोंजी के मेला मार्गशीर्ष ग्राउंड में होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री फिरोजाबाद के सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां वह सिरसागंज विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर एक बजे टूंडला विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर के समर्थन में आरआरएम इंटर कॉलेज बछगांव के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
UP Chunav: केशव मौर्य ने दिया बयान
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सुबह-सुबह पार्टी की जीत के लिए बयान दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार फिर आ रही है और पूरे जोर-शोर से आ रही है...।'
UP Election: योगी आज कन्नौज में करेंगे रैली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कन्नौज में एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'सनातन संस्कृति के अनेक संदर्भों एवं प्रतीकों को संजोने वाली ऐतिहासिक धरा, "इत्र नगरी" जनपद कन्नौज में आज मैं उपस्थित रहूंगा। राष्ट्रवाद की सुंगन्ध से सुवासित यहां की कर्मठ एवं उद्यमशील जनता से संवाद के लिए मैं उत्साहित हूं!'