UP Election: रीता जोशी ने की भाजपा की तारीफ
भाजपा की सांसद का रूख नरम पड़ता जा रहा है। बेटे को टिकट न मिलने से नाराज बताई जा रहीं सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने भाजपा पर फिर से भरोसा जताया है। उन्होंने कहा, 'जो भी चुनाव में उतरता है वो इसी भ्रम से उतरता है कि मुझे जीतना है, लेकिन भाजपा का जो ट्रैक रिकॉर्ड है उसमें यूपी की जनता ने अपना विश्वास दिखाया है। हर क्षेत्र-वर्ग के लिए योगी सरकार ने काम किया है और मुझे यकीन है कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को वोट देगी।' तीन दिन पहले यानी 16 फरवरी को ही रीता जोशी के बेटे ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। अखिलेश ने इसकी फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी।
महाराजगंज में बोली प्रियंका गांधी: धर्म, जाति की राजनीति नहीं, विकास की राजनीति करती है कांग्रेस
धर्म, जाति की राजनीति नहीं कांग्रेस विकास की राजनीति करती है। बेरोगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने कुछ काम नहीं किया। यूपी का किसान बदहाल है। छूट्टा पशु फसलो को बर्बाद कर दे रहे हैं, लेकिन सरकार के पास इसका कोई समाधान नहीं है। कांग्रेस की सरकार बनी, तो छूट्टा पशुओं की देखभाल करने वाले प्रोत्साहन राशि मिलेगी। रोजगार मिलने वाली संस्थाओं को बेच डाला गया।
यह कहना है कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का। वह शनिवार को पंचायत इंटर कॉलेज परतावल, फूलमनहां इंटर कॉलेज फरेंदा, महात्मा बुद्ध इंटर कॉलेज बुद्धनगर अड्डा बाजार में जनसभा को संबोधित की। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा है। घोषणा पत्र में किए सारे वादे को कांग्रेस पूरा करेगी। समाज के हर वर्ग के हित के लिए कांग्रेस करेगी। नौजवानों के लिए रोजगार की व्यवस्था की जाएगी।
बलरामपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में अगर कुछ डबल हुआ है तो वो भ्रष्टाचार और महंगाई है। GST का फैसला लिया लेकिन व्यापारी साथियों से पूछना उनका कारोबार बर्बाद हो गया या नहीं? लॉकडाउन लगाकर इन्होंने मजदूरों को अपने हाल पर छोड़ दिया।
कुशीनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर भाजपा सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद जब डबल इंजन की सरकार बनेगी, तब उज्ज्वला योजना के सभी लाभार्थियों को होली और दिवाली में मुफ्त में रसोई गैस देंगे। 60 वर्ष से अधिक महिलाओं को परिवाहन निगम की बस में फ्री में यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कुशीनगर में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा रिपोर्ट कॉर्ड रखने की ताक़त किसी और पार्टी में नहीं हैं। रिपोर्ट कॉर्ड रखने की ताकत अगर किसी में हैं तो सिर्फ भाजपा और एनडीए में है। इसलिए हम कहते हैं कि जो कहा था वह किया है, जो कहेंगे वह करेंगे।
मनोज तिवारी ने महराजगंज में की रैली
दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने महराजगंज में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। बोले, जो जनता का भला नहीं कर सकते और प्रदेश का भला कैसे करेंगे। वैक्सीन के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाली समाजवादी पार्टी आज जनता से समर्थन मांग रही है। जनता को मौत के मुंह में डालने का काम कर रही थी। भाजपा ने जो कहा था, वह करके दिखाया। जो नहीं कहा वह भी किया। प्रदेश में भव्य मंदिर बन रहा है, जिसको लेकर के पूरा देश उत्साहित है। सांसद मनोज तिवारी मृदुल ने कहा कि प्रदेश में कोई टोटी चोरी करता है, तो कोई यूपी-बिहार के लोगों को गाली देता है यह उनकी फितरत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बदौलत मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को मजबूती देने का काम प्रदेश की भाजपा सरकार ने किया। सपा दंगाइयों का संरक्षण देती है। बीजेपी जनता के चरणों में बैठकर विकास करने का काम कर रही है। पूरा प्रदेश भव्य मंदिर की तरह पवित्र होगा। इसी सोच के साथ विकास हो रहा हैं। भाजपा के साथ प्रदेश की जनता खड़ी है।
UP Election: संजय निषाद का विवादित बयान हुआ वायरल
भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बोल बिगड़ गए। उनके बयान पर तालियां तो खूब बजीं पर सोशल मीडिया पर वायरल होने से तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हम मोदी से बात करते हैं। अमित शाह से बात करते हैं। योगी से बात करते हैं और अगर जरूरत पड़ी तो थाना फुंकवा कर आपको न्याय दिलाएंगे। ये बातें निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। राजनीतिक अखाड़े में जनता को लुभाने के लिए नेता तरह-तरह के बयान दे रहे हैं। बलहा विधानसभा में भाजपा की जनसभा को संबोधित करने पहुंचे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आप को न्याय दिलाने के लिए जरूरत पड़ी तो थाना फुंकवाकर न्याय दिलाएंगे। ये बातें सुनते ही तालियों की गड़गड़ाहट से पंडाल तो गूंज गया, लेकिन बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो चारों ओर चर्चाएं शुरू हो गईं।
UP Chunav 2022: हेमा मालिनी बोलीं- भाजपा के राज में ही बलिया बनेगा मुंबई
मथुरा से भाजपा की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने शुक्रवार जिले में ताबड़तोड़ तीन जनसभाएं कर योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं सपा के शासन को गुंडाराज बताया। इस दौरान वे बलिया को मुंबई बनाने का सपना दिखाने से भी पीछे नहीं रहीं तो फिल्म शोले का डायलाग बोल कर लोगों को लुभाने की कोशिश भी की।
बलिया के सतीश चंद्र कॉलेज के मैदान में भाजपा उम्मीदवार दयाशंकर सिंह के पक्ष में सभा को संबोधित करते हेमा मालिनी ने कहा कि भाजपा के राज में देश और प्रदेश का विकास हो रहा है। बारी अब बलिया की है। इसके लिए जरूरी है कि बलिया से भाजपा के उम्मीदवार विधानसभा में पहुंचें, तभी बलिया को मुंबई बनाने का सपना साकार होगा।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिन्होंने रामभक्तों को भूना, कर दो उनका ईवीएम सूना। अखिलेश जी रामलला के दर्शन करने और काशी विश्वनाथ धाम क्यों नहीं जाते? क्योंकि ये लोग मंदिर जाने, सिंदूर लगाने और भगवे से डरते हैं। ये तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं,वोट बैंक तक समर्पित रहते हैं।
यूपी विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सपा, कांग्रेस, बसपा के दावे फुस्स होंगे। ये लोग जनता के बीच नहीं रहे और गरीबों के उत्थान के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि 70 साल में गोरखपुर में एम्स नहीं बना था लेकिन मोदी और योगी सरकार ने गोरखपुर में एम्स बनाया। ऐसे कई उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने दावा किया कि अब तक चार चरणों का चुनाव हुआ है और कल पांचवें चरण का चुनाव समाप्त होगा। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि पांचवें चरण के चुनाव के बाद बीजेपी पूर्ण बहुमत से आगे रहेगी। जब चुनाव समाप्त होगा तब फिर एक बार बीजेपी तीन सौ पार के लक्ष्य को प्राप्त करेगी।
भाजपा ने मतदान केंद्र पर मोबाइल ले जाने के लिए आयोग को लिखा पत्र
भाजपा ने निर्वाचन आयोग से मतदाताओं को मतदान केंद्र में स्विच ऑफ मोड में मोबाइल साथ रखने की अनुमति देने की मांग की है। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय शुक्ला को पत्र लिखकर प्रत्येक बूथ के बाहर हेल्प डेस्क या बीएलओ के पास फोन जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। चुनाव आयोग संपर्क विभाग के प्रभारी अखिलेश अवस्थी ने बताया कि भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ से इस संबंध में मुलाकात की है। उन्होंने बताया कि बूथ पर तैनात सुरक्षाकर्मी मोबाइल के साथ मतदाता को मत डालने की अनुमति नहीं देते हैं।
UP Election: योगी ने अंबेडकर नगर में रैली की
राम भक्तों पर गोली चलवाते हैं। ये लोग राम भक्तों का अपमान करते हैं। राम मनोहर लोहिया कहते थे कि एक सच्चे समाजवादी को संपत्ति और संतप्ति से दूर रहना चाहिए। लेकिन ये केवल सैफई का विकास चाहते हैं। जब भी इन्हें मौका मिला, इन्होंने केवल अराजकता और गुंडागर्दी फैलाई। इनकी वजह से उत्तर प्रदेश बदनाम होता गया। यहां दंगे होते थे। आज ये हनुमान जी की गदा लेकर चल रहे हैं और 2022 में हारने के बाद ये राम भक्तों के साथ कारसेवा करते दिखेंगे।
UP Election 2022: भाजपा के दिग्गजों ने गोरखपुर में डेरा डाला
पांचवें चरण का चुनाव प्रचार खत्म होने के साथ ही भाजपा के दिग्गजों ने गोरखपुर में डेरा डाल दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार देर शाम चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करेंगे। नड्डा, कुशीनगर के खड्डा और संतकबीरनगर के धनघटा में भी जनसभा करके भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को बस्ती, देवरिया और 28 फरवरी को महराजगंज व बलिया में जनसभा करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 28 फरवरी को गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में रोडशो करेंगे।
UP Election: स्वतंत्र देव सिंह का डिंपल यादव पर पलटवार
भाजपा यूपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी और पूर्व सांसद डिंपल यादव पर पलटवार किया है। स्वतंत्र देव ने कहा, 'सनातन संस्कृति और भगवा रंग का अपमान करने की घोर परिवारवादियों में रेस लगी हुई है।' बता दें कि डिंपल ने एक जनसभा में कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जंग लगे लोहे की रंग का कपड़ा पहनते हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
यूपी का रण : अयोध्या से संगम तक कसौटी पर मुद्दे
चुनाव अब दिलचस्प मोड़ पर आ पहुंचा है। वह दौर जहां चुनावी इम्तिहान के साथ ही भगवा ब्रिगेड की प्रयोगशाला की भी परीक्षा है। वह प्रयोगशाला जिसने हिंदुत्व को गढ़ा। वह प्रयोगशाला जिसने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के रंग को गाढ़ा किया। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रतीक के तौर पर अयोध्या को पेश किया। अब अयोध्या के दिल में क्या है, उस पर सियासी प्रयोगशालाओं से निकले नारों, मुद्दों का कितना असर हुआ, इन सबकी परीक्षा इसी चरण में होगी।... तो इसी चरण में प्रयागराज भी मतदान करेगा। वह प्रयागराज जहां की संगम की रेती से निकला हिंदुत्व का संदेश देश-दुनिया में पहुंचता है। तो यहां से सियासत की भी कई अविरल धाराएं निकलीं। पढ़िए पुनीत शर्मा, महेंद्र तिवारी और राहुल शर्मा की रिपोर्ट...
UP Election 2022: पहली बार गढ़ में राजा भैया की घेराबंदी
कुंडा में सियासी पारा चरम पर है। 1993 से यहां लगातार छह बार निर्दल विधायक रहे बाहुबली रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के खिलाफ पहली बार सपा और भाजपा ने तगड़ी किलेबंदी की है। सपा ने कभी राजा भैया के ही करीबी रहे कुंडा नगर पंचायत के पूर्व चेयरपर्सन गुलशन यादव को मैदान में उतारकर मुकाबला दिलचस्प कर दिया है। सपा यहां यादव और मुस्लिम मतदाताओं के साथ पिछड़ों को गोलबंद करने में जुटी है, वहीं भाजपा भी राजाभैया के खिलाफ पूरी तरह आक्रामक है। दूसरी तरफ राजा भैया अबकी बार डेढ़ लाख पार का नारा दे रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...
UP Chunav: अखिलेश का योगी पर पलटवार
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, 'हम परिवार वाले लोग हैं, परिवार में जाते हैं तो कुछ लेकर जरूर जाते हैं। मैं मुख्यमंत्री (योगी) को याद दिलाना चाहता हूं कि वे अपने गुल्लू के लिए बिस्किट जरूर लेकर जाएं। जो गुल्लू गोरखपुर में इंतजार कर रहा है, यहां से जाएं तो बिस्किट जरूर लेकर जाएं।'
UP Election : योगी बोले- 300 से ज्यादा सीटें जीत रहे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि इस बार चुनाव में भी भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। योगी ने कहा कि चार चरणों के चुनाव तक हम बहुमत के काफी नजदीक पहुंच चुके हैं। सातों चरणों के अंत तक हम 300 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब 2017 में भाजपा ने यहां सरकार बनाई थी, तब बेरोजगारी दर करीब 18% था, अब ये 2% से भी कम हो गया है।
UP Chunav: पूर्वांचल में सपा ने झोंकी ताकत, अति पिछड़ों पर फोकस
पांसपा ने पूर्वांचल में ताकत झोंक दी है। पार्टी पांचवें और छठे चरण के चुनाव को काफी अहम मान रही है। इन चरणों में सपा ने अति पिछड़ी जातियों पर खास फोकस करने की रणनीति बनाई है। इसके लिए 27 पिछड़ी जाति के नेताओं को विधानसभा क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी है। अन्य पिछड़े वर्ग के वरिष्ठ नेताओं को भी संबंधित जिलों में भ्रमण के निर्देश दिए गए हैं। पांचवें और छठे चरण में 118 सीटों पर चुनाव होना है। पिछले चुनाव में भाजपा को इनमें से 91 सीटें मिली थीं। सपा-बसपा ने 8-8 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को 2 और अन्य को 9 सीटें मिली थीं। इसमें बसपा के सात विधायक अब सपा मेें हैं। वहीं, सपा 51, बसपा 38 और कांग्रेस 15 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। पढ़ें पूरी खबर...
UP Election 2022 : जनपदों-राज्य की सीमाएं सील, जिले में भी 38 स्थानों पर नाकेबंदी
27 फरवरी को होने जा रहे मतदान से 48 घंटे पहले शुक्रवार शाम छह बजे पांचवें चरण के चुनाव के लिए प्रचार थम गया। इसके साथ ही जिले व राज्य की सीमाएं भी सील कर दी गईं। पड़ोसी जनपदों की सीमा पर कुल 14 जबकि मप्र सीमा पर 13 स्थानों पर बैरियर लगाकर सघन निगरानी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा जनपद के भीतर भी कुल 38 स्थानों पर नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू करा दी गई है। चुनाव प्रचार खत्म होने के साथ ही जनपद में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि यमुनापार में तीन थाना क्षेत्र एमपी सीमा पर स्थित हैं। इनमें खीरी, कोरांव व शंकरगढ़ शामिल हैं। इसी तरह छह पड़ोसी जनपदों की सीमाएं भी प्रयागराज से लगी हुई हैं। चुनाव प्रचार खत्म होने के साथ ही शाम छह बजे यह सभी सीमाएं सील कर दी गईं।