बस्ती में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा की। यहां उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में चार चरण के चुनाव में कांग्रेस-सपा-बसपा का सूपड़ा साफ हो गया है। आज पूरे उत्तर प्रदेश में एक भी बाहुबली दिखाई नहीं देता, हर जगह सिर्फ बजरंग बली ही दिखाई देते हैं, ये काम योगी सरकार ने किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में कहा कि बिजनौर और नोएडा से जो टैक्स आता है उसमें मलाई मारने को तैयार लेकिन वहां के लोगों से मिलने जाना, उनके सुख-दुख पूछना उसमें अंधविश्वास आड़े आ जाए। क्या ऐसे लोग उत्तर प्रदेश का भला और आधुनिक उत्तर प्रदेश बना सकते हैं?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि घोर परिवारवादी कभी सशक्त और आधुनिक उत्तर प्रदेश का निर्माण नहीं कर सकते हैं। यह ऐसे लोग हैं जो अफवाहवादी, पलायनवादी और घोर अंधविश्वासी भी हैं। यह कैसे लोग हैं और उनका अंधविश्वास कैसा है कि उनकी कुर्सी न चली जाए इसके लिए यह लोग नोएडा, बिजनौर नहीं जाते।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि 2017 से पहले राशन सपा के गुर्गों के पास चला जाता था और हाथी का पेट तो इतना बड़ा है कि पूरे प्रदेश का राशन उसमें समा जाएगा। गरीब देखता रह जाता था। हमने तय किया है कि होली, दीपावली में उज्जवला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त में रसोई गैस उपलब्ध कराएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां यूपी में भी घोर परिवारवादियों ने कांग्रेस कल्चर को ही खुद में पूरा का पूरा उतार लिया है और उसी रंग में रंग गए हैं। बीते कई दशकों से कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, एक ही परिवार की बंधक बनी हुई है।
अमेठी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा आजादी के बाद कांग्रेस में दिक्कत आना शुरू हुई जब एक ही परिवार ने पार्टी पर कब्जा शुरू कर दिया। पूरे देश में बहुत सारी पार्टियां कांग्रेस को देखकर ये सीख गईं और पूरे लोकतंत्र को दीमक की तरह बहुत बड़ा नुकसान कर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब इन नेताओं ने वोटबैंक की राजनीति, तुष्टिकरण को बढ़ावा दिया, उसे खाद-पानी दिया। आज वोट बैंक और तुष्टिकरण की इसी राजनीति ने इन नेताओं को अपना बंधक बना लिया है। अब वोट बैंक की राजनीति ही इन दलों की मजबूरी बन गयी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये परिवारवादी सरकार में होते तो सारी लाइनें तोड़कर खुद सबसे पहले वैक्सीन लगवाते। मैंने भी वैक्सीन तब लगवाई जब नियम से मेरा नंबर आया। मेरी मां सौ साल की हैं और उन्होंने भी लाइन नहीं तोड़ी। जब उनका नंबर आया तब ही मेरी मां ने भी वैक्सीन लगाई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के 4 चरण पूरे हो चुके हैं और चारों ही चरणों में लोगों ने एकजुट होकर बीजेपी को अपना आशीर्वाद दिया। जो घोर परिवारवादी सोच रहे हैं कि यूपी के लोग बंट जाएंगे, बिखर जाएंगे, देशहित को भूल जाएंगे उन सबके सारे गणित उल्टे पड़ गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा आज यूपी में आपको ऐसे परिवार खोजना मुश्किल होगा जिसकी हमारी सरकार ने सेवाभाव से सहायता ना की हो। सौ साल के इस सबसे बड़े संकट में भाजपा सरकार ने सबकी मदद का प्रयास अविरत जारी रखा। सोलह करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। करीब 12 करोड़ लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने जीवन में कभी सोचा नहीं था कि मैं चुनावी राजनीति में जाऊंगा। जनता जनार्दन का सेवक बनकर उनके लिए काम करने का संकल्प हर दिन के साथ सशक्त हुआ है। यही सेवाभावना भाजपा की पहचान है। जिस तरह से यूपी ने मुझे अपना लिया, मां गंगा ने जिस तरह से स्नेह वर्षा की, आप लोगों ने मुझे गले लगाया, इससे बड़ा सौभाग्य जीवन में कोई नहीं हो सकता है। ये मेरे जीवन की बहुत बड़ी पूंजी है।
प्रधानमंत्री मोदी अमेठी में चुनावी रैली कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि आज से बीस साल पहले 24 फरवरी की ही तारीख थी जब मैं पहली बार विधायक बना था। पहली बार जीवन में अचानक चुनाव के मैदान में आना पड़ा था। राजकोट के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया और सेवा का ये सिलसिला शुरू हुआ। मैंने जीवन में कभी सोचा नहीं था कि मैं चुनावी राजनीति में जाऊंगा।
शिवसेना नेता संजय राउत ने डुमरियागंज में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि ये ईस्ट इंडिया कंपनी आपको 10 मार्च के बाद नहीं दिखेगी यहां से वह हट गई है, समझ लो। यही परिवर्तन का माहौल रहा तो 2024 में यह ईस्ट इंडिया कंपनी दिल्ली से भी भाग जाएगी। शिवसेना की राजनीति कभी भी नफरत की नहीं रही। जरुर हमारे हाथों में हिंदुत्व का केसरिया और भगवा है, लेकिन हमारे साथ हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई भी हैं। किसके शरीर में किसका खून है यह 10 मार्च को पता चलेगा।
बहराइच में गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में सपा, बसपा का सूपड़ा साफ हो गया है, चार चरणों में 300 से ज्यादा सीटों के साथ भाजपा की जीत की नींव डाली है। पांचवें चरण में इस मजबूत नींव पर एक मजबूत इमारत बनाने का काम करना है। उत्तर प्रदेश में योगी जी ने ऐसे शासन चलाया है कि दूरबीन लेकर भी कोई बाहुबली दिखाई नहीं पड़ता, हर जगह पर बजरंग बली ही दिखाई पड़ते हैं।
योगी बोले- हम लड़कियों को मुफ्त स्कूटी, किसानों को बिजली देंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम लड़कियों को मुफ्त स्कूटी और किसानों को मुफ्त बिजली देंगे। हम एक्सप्रेस हाईवे का निमार्ण करा रहे हैं, कॉलेज बनवा रहे हैं। अब आपको तय करना है कि आप किस तरह की सरकार चाहते हैं। एक जो दंगा करवाता है और एक जो दंगा मुक्त समाज रखता है और गरीबों के कल्याण के लिए काम करता है।
बहराइच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथनने कहा कि पहले पैसा समाजवादी पार्टी के इत्र वाले मित्र के घर में चला जाता था, पहले मेडिकल कॉलेज नहीं बनते थे, सड़कों पर गड्ढे रहते थे, नौजवानों की नौकरी निकलती थी तो चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल पड़ते थे।
विधानसभा चुनाव में लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए महिलाओं ने वाराणसी में पिंक स्कूटी रैली निकाली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर सपा, बसपा की सरकार होती तो कोविड वैक्सीन बाजार में ब्लैक हो जाती, फिर वैक्सीन गरीब लोगों को नहीं मिलती। कोरोना की तीसरी लहर कब आई, कब चली गई। किसी को पता ही नहीं चला। कितनी बड़ी-बड़ी रैली हो रही है, कोरोना गायब हो गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी में चुनावी रैली कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा आप सब जानते हैं कि पिछली सरकारें कैसे आस्था के साथ खिलवाड़ करती थी। पहले पर्व और त्योहार के वक़्त दंगे और कर्फ्यू शुरू हो जाते थे। आज प्रदेश में दंगे नहीं होते। कर्फ्यू नहीं लगता है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी : डिप्टी सीएम के चाचा का नाम गायब
लखनऊ में मतदाता सूची में गड़बड़ियों ने लखनऊ को रिकॉर्ड मतदान के लक्ष्य को हासिल करने से रोक दिया। बड़ी संख्या में पोलिंग बूथों से मतदाता बिना वोट डाले ही मतदान केंद्र से मायूस होकर घर लौट गए। जिसका असर राजधानी के मतदान प्रतिशत पर पड़ा। हाईप्रोफाइल नामों में उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा के चाचा कैलाश चंद्र शर्मा व शायर मुनव्वर राणा का नाम गायब मिला। बीकेटी विधानसभा के रेवामऊ गांव में बीएलओ की लापरवाही से 250 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हो गए। जिसके चलते अनुराग, सचिन सिंह, सुधीर सिंह, साधना, रूपाली समेत करीब ढाई सौ मतदाता वोट डालने से वंचित रह गए।
UP Election 2022: गृहमंत्री अमित शाह और बसपा सुप्रीमो मायावती की जनसभा आज
छठें चरण में तीन मार्च को होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को बस्ती में गृहमंत्री अमित शाह और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती अलग-अलग जगहों पर जनसभा कर जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर सियासी गणित साधने की कोशिश करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह दोपहर करीब 3:50 बजे हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान में पहुंचेंगे। यहां से भाजपा के अजय सिंह उम्मीदवार हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में दोपहर करीब बारह बजे पहुंचेंगी।
UP Election: सपा मुखिया आज प्रयागराज में
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को प्रयागराज में दो सभाओं को संबोधित करने के अलावा शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क भी करेंगे। वह रथ पर सवार होकर अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण और लोगों को संबोधित करेंगे। अखिलेश यादव शहरी क्षेत्र में रोड शो के बाद रात में करीब आठ बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इस दौरान शहरी एवं गंगापार की आठ सीटों के अलावा कौशाम्बी के मतदाताओं पर भी उनकी नजर रहेगी।
यूपी चुनाव 2022 : भाजपा के पक्ष में आज माहौल बनाएंगे पीएम मोदी
कौशाम्बी के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार 24 फरवरी को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। यहां प्रयागराज की सभी 12 विधानसभा सीट के साथ पड़ोसी जिले प्रतापगढ़ की सात सीटों के भाजपा और उसके सहयोगी दल के उम्मीदवारों के समर्थन में वह फाफामऊ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उनकी सभा दिन में दो बजे शुरू होगी।