एडीजी ने मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल का लिया जाएजा
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों के साथ जायजा लिया। एडीजी ने इंदिरा स्टेडियम में जनसभा स्थल का निरीक्षण करने से पहले रिजर्व पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस स्थान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनसभा स्थल लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर इंदिरा स्टेडियम में है। मुख्यमंत्री यहां तक स्टॉफ कार से पहुंचेंगे। इससे पहले उनका हेलीकॉप्टर रिजर्व पुलिस लाइन में उतरेगा। डीएम राजेश कुमार पांडेय और एसपी डॉक्टर दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन से लेकर इंदिरा स्टेडियम तक के सभी सुरक्षा बिंदुओं के बारे में उन्हें जानकारी दी।
गोविंद तिराहा से शहर के अंदर नहीं आ सकेंगे वाहन
उरई शहर में मुख्यमंत्री के गुरुवार को कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रूट डायवर्जन किया है। गोविंद तिराहा हाईवे से रामेश्वर चौराहा तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। इस मार्ग पर आपात सेवा में लगे वाहन, फायर व एंबुलेंस पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। यह व्यवस्था सुबह दस बजे से शाम को पांच बजे तक रहेगी।
रूट डायवर्जन सुबह दस बजे से शाम को पांच बजे तक रहेगा
वहीं, कानपुर की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले वाहन राठ रोड कट, करमेर रोड हाईवे कट, अजनारी हाईवे व बड़गांव हाईवे कट से आएंगे। उरई से कानपुर, झांसी की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन राठ रोड हाईवे कट, करमेर रोड, अजनारी, बड़ागांव हाईवे कट से जा सकेंगे। कोंच, जालौन की ओर से उरई होते हुए झांसी, कानपुर जाने वाले वाहन मैकेनिक नगर तिराहा होते हुए बड़ागांव हाईवे कट से जाएंगे। झांसी, कानपुर हाईवे की ओर से आने-जाने वाली रोडवेज व प्राइवेट बसें और अन्य यात्री वाहन बड़ागांव हाईवे कट से जाएंगे।
पांच जगहों पर खड़े होंगे वाहन
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में पांच जगहों पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है। एसपी कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार विजय चौधरी का हाता, मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक, प्रदर्शनी स्थल, पटाखा मार्केट व जायसवाल टावर में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लोग यहां से कार्यक्रम स्थल तक पैदल जाएंगे।
मुख्यमंत्री के सामने छात्र-छात्राएं व अध्यापक लगाएंगे स्टॉल
इंदिरा स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी के कार्यक्रम में तमाम विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और टीचर्स भी उत्कृष्ट मॉडलों को स्टॉल लगाकर प्रदर्शित करेंगे। बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज उरई की शिक्षक वंदना सिंह, आकांक्षा निगम, पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज खरुसा की अध्यापिका दीपिका सिंह ने टीचर्स लर्निंग मेटेरियल के मॉडल दिखाए। इसमें इंग्लिश ग्रामर की ट्रेन तथा हिंदी से संबंधित टीएलएम के साथ ऑटोमेटिक पानी की टंकी का प्रदर्शन किया। इसमें टंकी खाली होने पर अपने आप बिना ऑन-ऑफ किए पानी भरा जा सकेगा। डीआईओएस राजकुमार पंडित ने बच्चों के बनाए विज्ञान के मॉडल का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री देंगे 1824.12 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जनपदवासियों को 1824.12 करोड़ रुपये की 305 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इंदिरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 140 परियोजनाओं का लोकार्पण और 165 का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद लोगों को संबोधित करेंगे। जिले को कई सड़कें, बिजली उपकेंद्र, पीएचसी, कॉलेज व अभिलेखागार मिलेंगे।
जिले को यह मिलेगी सौगात
आटा-इटौरा मार्ग का होगा चौड़ीकरण व सुंदरीकरण आटा से इटौरा मार्ग की दूरी करीब 10 किलोमीटर है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से इससे पैदल निकले वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। इस मार्ग का पुनर्निर्माण 20 करोड़ की लागत से किया जाएगा।
कालपी-मदारीपुर मार्ग का सुंदरीकरण व चौड़ीकरण होगा
कालपी के जोल्हूपुर मोड़ से मदारीपुर व औरैया मार्ग को जोड़ने वाले मार्ग के मरम्मत कार्य का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह काम 49 करोड़ से होगा। इस मार्ग के बनने से 50 गांवों के लोगों को सीधा लाभ होगा। इसके साथ ही उरई-कोंच -नदीगांव मार्ग का चौड़ीकरण भी होगा।
एट-कोटरा मार्ग का होगा चौड़ीकरण
एट से कोटरा मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मार्ग का 35 करोड़ से चौड़ीकरण व सुंदरीकरण किया जाएगा। इस मार्ग को बन जाने से 50 हजार की आबादी को लाभ होगा। कुठौंद व कदौरा में 132 केवी उपकेंद्रों की मिलेगी सौगात कुठौंद में 132 केवी उपकेंद्र का निर्माण लाइनों सहित होगा। इसमें करीब 46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कदौरा में 132 केवी उपकेंद्र में करीब 44 करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा। इसी तरह से महेवा में 400 केवी का उपकेंद्र तैयार किया जाएगा। इसमें 351 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
उरई तहसील परिसर में आवासीय भवनों का होगा शिलान्यास
उरई स्थित तहसील परिसर में 11 करोड़ से आवासीय भवनों को तैयार किया जाएगा। कलक्ट्रेट का अभिलेखागार जर्जर स्थिति में था। कागजात खराब हो रहे थे। 3.38 करोड़ रुपये से इसका पुर्निर्माण कराया गया है। मुख्यमंत्री इसका लोकार्पण करेंगे।
कोंच के बालिका कॉलेज का करेंगे लोकार्पण
कोंच में अभी तक बालिका महाविद्यालय नहीं बना था। लोगों की मांग पर इसका निर्माण कराया गया। भवन करीब तीन वर्ष से तैयार खड़ा है। गुरुवार को मुख्यमंत्री अपने हाथों से इसका लोकार्पण करेंगे। इसके निर्माण में करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।
तीन स्टेप पार करने के बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अनुमति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसभा स्थल पर आगमन से ठीक पहले, इंदिरा स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले लोगों को तीन चरणों की जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही एंट्री मिल रही है। बता दें कि सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए यह बहु-स्तरीय जाँच व्यवस्था लागू की है।
कार्यक्रम में बच्चों ने किया राम, जानकी और हनुमान का रूप धारण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के लिए इंदिरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। कार्यक्रम में कई बच्चे भगवान राम, माता जानकी और हनुमान के रूप में तैयार होकर पहुंचे, जो सभी के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। इस दौरान वहां मौजूद अधिकारी भी बच्चों के इस रूप को देखकर काफी उत्साहित दिखे और उन्होंने बच्चों के साथ स्मृति स्वरूप फोटो भी खिंचवाए।
उरई में CM योगी के आगमन का इंतजार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर उरई में जबरदस्त उत्साह है। इंदिरा स्टेडियम स्थित जनसभा स्थल पर लोग बड़ी संख्या में पहुंचे हुए हैं और मुख्यमंत्री को सुनने के लिए उनके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लोग जानते हैं कि मुख्यमंत्री कुछ ही समय में वहां पहुंचने वाले हैं, जिसके चलते पूरे स्टेडियम में भीड़ का माहौल है।
पुलिस पर उतरा सीएम योगी का हेलीकॉप्टर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जनपदवासियों को बड़ी सौगात देने के लिए उरई पहुंच गए हैं। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर साढ़े तीन बजे पुलिस लाइन में उतरा। मुख्यमंत्री कुल 305 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनकी लागत 1824.12 करोड़ रुपये है।
जिले को देंगे ये सौगातें
वह इंदिरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 140 परियोजनाओं का लोकार्पण (उद्घाटन) और 165 परियोजनाओं का शिलान्यास (आधारशिला) करेंगे। जिले को इन परियोजनाओं के तहत कई नई सड़कें, बिजली उपकेंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कॉलेज और अभिलेखागार जैसी संरचनाएं मिलेंगी।
सीएम योगी इंदिरा स्टेडियम पहुंचे, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए इंदिरा स्टेडियम स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं। उनके साथ मंच पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही जनसभा स्थल पर मौजूद हजारों की भीड़ में भारी उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री कुछ ही देर में इस विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
पिछली सरकारों में खेत से फावड़ा भी हो जाता था- स्वतंत्र देव सिंह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले में कई योजनाओं का लोकार्पण करने के लिए मंच पर पहुंच गए हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों में खेत में रखा फावड़ा भी चोरी हो जाता था। लेकिन जब से भाजपा सरकार आई है, गुंडे माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया गया है।
योगी ने 1824 करोड़ की 305 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जालौनवासियों को 1824.12 करोड़ रुपये की 305 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इंदिरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 140 परियोजनाओं का लोकार्पण और 165 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
योगी: 2017 से पहले चाचा-भतीजे की जोड़ी करती थी वसूली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने एक दिवसीय दौरे पर गुरुवार दोपहर 3.30 बजे जालौन पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जालौन की धरती भगवान वेदव्यास की पावन स्थली है, जिसका पौराणिक और ऐतिहासिक दोनों ही महत्व है। कालपी ने स्वतंत्रता संग्राम के समय फिरंगियों के दांत खट्टे कर दिए थे और यहां के सेनानियों ने देश की आज़ादी में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले इस ऐतिहासिक धरा पर आने का अवसर "सोने पर सुहागा" जैसा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालपी के हैंडमेड कागज ने जिले को नई पहचान दी है। 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' योजना के तहत सरकार ने जालौन को एक अलग पहचान देने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश को 'बीमारू' बनाया था, आज डबल इंजन की सरकार ने उस बीमारू राज्य को समाप्त कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब सरकारी नौकरी नौजवानों का अधिकार है और प्रदेश में सुरक्षा, रोजगार और विकास की नीतियों को मज़बूती से लागू किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 2017 से पहले सपा के शासन में गुंडागर्दी, भेदभाव और लूट-खसोट का बोलबाला था। “देखो, सपा का झंडा लगी गाड़ी में गुंडे बैठते थे - लोग उस गाड़ी से ही डरते थे," उन्होंने कहा और बताया कि तब गरीबों को राशन नहीं मिलता था, शौचालय बनवाने की व्यवस्था नहीं थी, बाढ़ राहत का काम समय से नहीं होता था और नौकरियों के अवसर भी सीमित थे।