उत्तर प्रदेश के आगरा में नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों के सूरसदन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शनिवार को व्यवस्थाएं बुरी तरह चरमरा गईं। सभागार में 1000 लोगों की क्षमता थी, 3000 से अधिक लोग पहुंच गए। गेट के अंदर जाने के लिए हंगामा होने पर पुलिस को धक्के मारकर भाजपाइयों को बाहर निकलना पड़ा।
गेट से वापस लौट गए पदाधिकारी
खचाखच भरे सूरसदन में 500 से अधिक लोग कुर्सियां नहीं मिलने पर मंच से लेकर गैलरी तक खड़े रहे। डीएम नवनीत सिंह चहल भी धक्का-मुक्की के बीच अंदर पहुंचे। कई पार्षदों को प्रवेश के लिए मिन्नतें करनी पड़ीं। कई भाजपा पदाधिकारियों को प्रवेश नहीं मिला, तो वह गेट से वापस लौट गए।
मयूर नृत्य की प्रस्तुति देते कलाकार
- फोटो : अमर उजाला
मयूर नृत्य ने बांधा समा
सूरसदन में आयोजित मेयर के शपथ ग्रहण समारोह में मथुरा के कलाकारों ने मयूर नृत्य कर समां बांध दिया। हालांकि भीड़ अधिक होने से यहां की व्यवस्थाएं चरमरा गईं। लोगों को बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।
भीड़ से जूझते पुलिस कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
मंत्रोच्चारण के साथ ली शपथ
हेमलता दिवाकर ने शनिवार को महापौर के रूप में शपथ ली। पांच ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चारण किया। इस दौरान नगर विकास मंत्री एके शर्मा मौजूद रहे। जिलाधिकारी नवनीत चहल ने ठीक 12:20 पर शपथ दिलाई।
सड़क पर ही खड़े करने पड़े वाहन
बस में भर-भरकर पहुंचे भाजपाइयों से जाम के हालात बन गए। पार्किंग व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई। कोई जिम्मेदार अफसर भी बाहर व्यवस्थाएं बनाने के लिए मौजूद नहीं था। सूरसदन में सिर्फ चुनिंदा अफसर व नेताओं के वाहन खड़े हुए। पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधियों को वाहन सड़क पर ही खड़े करने पड़े। सुबह बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ हो गई थी। कई जगह जलभराव रहा। एमजी रोड स्थित सूरसदन चौराहा पर समारोह के दौरान जाम लगा रहा।
गेट से लेकर मंच तक धक्का-मुक्की
जहां एक तरफ सैकड़ों लोग प्रवेश के लिए जूझते रहे, वहीं जो लोग अंदर पहुंचे, उन्हें बैठने के लिए जगह नहीं मिली। मंच पर 20-20 पार्षदों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। इस दौरान मंच पर भी भीड़ हो गई। शपथ के दौरान भी पार्षद एक-दूसरे को खिसकने के लिए कोहनी मारते देखे गए।
मेयर के साथ 100 पार्षदों ने ली शपथ
शहर की सरकार ने आज 12:20 बजे शुभ मुहूर्त में 5 ब्राम्हणों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच शपथ ग्रहण की। सूरसदन प्रेक्षागृह में डीएम नवनीत चहल ने नवनिर्वाचित मेयर हेमलता दिवाकर को शपथ दिलाई। उसके बाद 20-20 के समूह में पार्षदों को शपथ दिलाई गई। पूर्व मेयर नवीन जैन ने हेमलता दिवाकर को महापौर का चांदी का दंड सौंपा।