मंडला से भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते के समर्थन में सभा संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने सभी ने नमस्कार किया। शाह ने रानी दुर्गावती और भगवान बिरसा मुंडा समेत अन्य सेनानियों को प्रणाम कर अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह जो इंडिया गठबंधन है, उसका सिर्फ एक ही मकसद है, वो है अपने परिवार को आगे बढ़ाना और, मोदी जी देश और लोगों को आगे बढ़ा रहे हैं। शाह ने कहा कि मप्र के 95 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि, 70 लाख लोगों के घरों में पानी पहुंचाया गया है। लाखों माताओं को सिलेंडर दिए गए, आवास दिए गए हैं।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के करोड़ों गरीबों, आदिवासी और जनजातियों के कल्याण के लिए काम किया है। लेकिन, कांग्रेस ने इन्हें सिर्फ छलने का काम किया है। जनजातीय कल्याण मंत्रालय बनाने का काम हमारे नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी ने किया था। पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा जयती पर गौरव दिवस मनाने का काम किया है। सैंकड़ों एकलव्य स्कूल बनाकर हमनें आदिवासी बच्चों को उच्च शिक्षा तक पहुंचे के लिए नींव डालने का भाजपा ने किया है।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ अपने परिवार वालों को आगे बढ़ाने का काम किया है। नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि ये देश आगे बढ़े। घमंडिया गठबंधन और कांग्रेस वाले चाहते हैं कि उनके बेटे-बेटी आगे बढ़ें। ममता बेनर्जी अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाने चाहती हैं, शरद पवार अपनी बेटी, स्टालिन अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। जो लोग अपने बेटे, बेटी और भतीजे का भला चाहते हैं वो कभी आपके बारे में सोच सकते हैं क्या? गरीबों, वंचितों और महिलाओं के बारे में सिर्फ पीएम मोदी सोच सकते हैं। भाजपा आपसे किए गए सभी वादे पूरे करते हुए आगे बढ़ रही है।
अमित शाह ने कहा कि 10 साल देश में कांग्रेस का शासन था। पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया घुस जाते थे, बम धमाके करते थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह उफ तक नहीं करते थे। मैं पूछना चाहता हूं राहुल बाबा से... आपने देश के राष्ट्रपति पद पर किसी आदिवासी को बिठाया क्या? कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आदिवासियों को छलने का काम किया है। विपक्षी अब जेल में जा रहे हैं। छातियां पीट रहे हैं। हमें ये कर दिया, हमें वो कर दिया। मोदी जी ने 2014 के चुनाव में आने से पहले देश की जनता से वादा किया था कि एक एक भ्रष्टाचारी को चुन-चुनकर जेल भेजेंगे। भ्रष्टाचारियों को जेल में डालना चाहिए या नहीं ? जिसने भी चोरी की है, उसे जेल जाना पड़ेगा।