इंदौर में दो साल के ब्रेक के बाद फिर अनंत चतुर्दशी की झांकियां निकाली जा रही हैं। जिस तरह स्वच्छता में इंदौर का नाम है, खान-पान में इंदौर का नाम है, इंदौरी रंगपंचमी देशभर में पहचानी जाती है, ठीक उसी तरह इंदौर में अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाली झांकियों का भी अपना ही महत्व है। इस बार छह मिलों की 15 झांकियों के साथ खजराना गणेश मंदिर, आइडीए और नगर निगम की झांकियां लोगों को देखने को मिलेंगी। शुक्रवार रात 29 झांकियां निकलेंगी।
इंदौर में झांकियां निकालने की परंपरा 1924 में मिलों से शुरू हुई। सर सेठ हुकमचंद की हुकमचंद मिल ने सबसे पहली झांकी निकाली थी। कोरोना काल में दो साल झांकियों की परंपरा को ब्रेक लगा था। इसी ब्रेक के बाद इस साल झांकी निकल रही हैं। झांकियों के चलते रोड भी डायवर्ट किए गए हैं। झांकियां-अखाड़े डीआरपी लाइन, दरगाह (श्रम शिविर) से शुरू होकर जेल रोड चौराहा, कृष्णपुरा चौराहा से फुट मार्केट होकर नंदलालपुरा चौराहा, यशवंत रोड चौराहा, नरसिंह बाजार चौराहा, सीतलामाता बाजार, गोराकुंड, राजबाड़ा होकर अपने गंतव्य स्थल पर जाएंगे।
विज्ञापन
इंदौर में दो साल बाद झांकियां निकल रही हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
रात में ड्रोन का नजारा अद्भुत लग रहा था।
- फोटो : सोशल मीडिया
झिलमिलाती झांकियों का कारवां और लोगों की भीड़ का नजारा देखने काबिल रहा। देर रात ड्रोन से लिए गए नजारे में शहर का उत्साह साफ नजर आ रहा था। राजवाड़ा क्षेत्र में भी भीड़ से सराबोर नजर आया। खाने पीने की दुकानों पर, फुटपाथ पर लगी दुकानों पर भी बिक्री खूब हुई। सुरक्षा के लिए झांकी मार्ग पर चार हजार से भी ज्यादा पुलिस जवान तैनात हैं। ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही थी। फायर ब्रिगेड तथा 10 एम्बुलेंस को भी तैनात किया गया है।
11:23 PM, 09-Sep-2022
नयनाभिराम झांकियों ने मन मोह लिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
झांकियों के बीच कुछ इलाकों की बिजली भी गुल हो गई। कुछ समय के लिए झांकी मार्ग के कुछ इलाके और घरों में अंधेरा छाया रहा। हालांकि थोड़ी देर बिजली कर्मचारियों ने सुधार कर दिया। रात 10.30 बजे जेल रोड पर भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भजन गाए। उनके साथ विधायक आकाश विजयवर्गीय सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
09:38 PM, 09-Sep-2022
झांकी मार्ग पर पैर रखने की भी जगह नहीं है।
- फोटो : सोशल मीडिया
जैसे जैसे रात गहराती जा रही है, वैसे-वैसे लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। अभी झांकी मार्ग पर हजारों लोग मौजूद हैं। झांकियां भी आकर्षित कर रही हैं। सर्वश्रेष्ठ झांकी व अखाड़े को 26 जनवरी को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम, द्वितीय, तृतीय आने वाली झांकियों को अनाज मंडी एवं अखाड़ों को चोइथराम मंडी द्वारा पुरस्कार के रूप में राशि दी जाएगी।
अखाड़ों में लड़कियों ने भी तलवारबाजी का हुनर दिखाया।
- फोटो : सोशल मीडिया
झांकियों के साथ चल रहे अखाड़ों में लड़कियों ने भी तलवारबाजी का हुनर दिखाया। इनके करतब देखकर हर कोई दंग रह गया। इस बार 60 से ज्यादा अखाड़े शामिल किए गए हैं। अखाड़ों के खलीफाओं का सम्मान भी किया जा रहा है।
08:40 PM, 09-Sep-2022
राजकुमार मिल की झांकी में बाल गणेश को दिखाया गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजकुमार मिल की झांकी में बाल गणेश को दिखाया गया है। राजकुमार मिल 87 सालों से झांकी निकाल रही है। राजकुमार मिल सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति की ओर से बताया गया कि तीन झांकी निकल रही हैं। पहली झांकी में कैलाश पर्वत पर शिव के डमरू पर भगवान गणेश को नृत्य करते दिखाया गया है। भगवान गणेश कुछ फीट ऊपर-नीचे होते दिखेंगे।
विज्ञापन
08:19 PM, 09-Sep-2022
कतारबद्ध झांकियों का कारवां
- फोटो : सोशल मीडिया
अनंत चतुर्दशी की झांकियों में 6 मिलों ने परंपरा निभाई है। करीब 9 घंटे का उत्सवी उल्लास रहेगा। करीब 13 किलोमीटर लंबे मार्ग पर झांकियां निकलेंगी। इन झांकियों का 200 से ज्यादा मंचों से स्वागत किया जाएगा।
08:08 PM, 09-Sep-2022
इंदौर की आकर्षक झांकियां लोगों को रुकने पर मजबूर कर रही हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
कल्याण मिल सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति की झांकी ने भी मन मोह लिया। कल्याण मिल 94 सालों से झांकी की परंपरा में हिस्सेदार रही है। पहली झांकी स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव को समर्पित की गई है। झांकी में 35 फीट ऊंचा का तिरंगा नजर आएगा। ये झांकी देश की एकता का संदेश देती नजर आई। इसमें सभी धर्मों के लोग तिरंगा थामे नजर आ रहे हैं।
07:50 PM, 09-Sep-2022
झांकी में अयोध्या के मंदिर की प्रतिकृति दिखाई गई है।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर नगंर निगम की दूसरी झांकी में अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की प्रतिकृति को दिखाया गया है। इसमें हनुमान जी मंदिर के आगे विराजित हैं, जो प्रभु राम की आराधना करते दिख रहे हैं।
07:42 PM, 09-Sep-2022
झांकियों का कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है।
- फोटो : सोशल मीडिया
झांकियों का कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है। बता दें कि झांकियां-अखाड़े डीआरपी लाइन, दरगाह (श्रम शिविर) से शुरू होकर जेल रोड चौराहा, कृष्णपुरा चौराहा से फुट मार्केट होकर नंदलालपुरा चौराहा, यशवंत रोड चौराहा, नरसिंह बाजार चौराहा, सीतलामाता बाजार, गोराकुंड, राजबाड़ा होकर अपने गंतव्य स्थल पर जाएंगे।
07:35 PM, 09-Sep-2022
महापौर ने नगर निगम की झांकी का पूजन किया।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर नगर निगम की तीन झांकियां निकाली जाएंगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने झांकी का पूजन किया। गणेश जी की आरती की। बता दें कि ननि की पहली झांकी में शहर की आदर्श ट्रैफिक व्यवस्था दिखाई गई है। दूसरी झांकी मेँ अयोध्या में निर्माणधीन मंदिर की प्रतिकृति इंदौर में नजर आएगी। तीसरी झांकी राधा-कृष्ण की रास लीला पर तैयार की गई है।
07:17 PM, 09-Sep-2022
झांकियों के बीच-बीच में अखाड़े भी प्रदर्शन करते चल रहे हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
झांकियों को देखने के लिए भीड़ भी काफी उमड़ पड़ी है। झांकी मार्ग लोगों से भरा नजर आ रहा है। झांकियों के बीच अखाड़े के कलाकार भी प्रदर्शन करते चल रहे हैं। तलवार, बनेठी और पटा घुमाकर लोगों को हैरान कर रहे हैं।
07:06 PM, 09-Sep-2022
इंदौर विकास प्राधिकरण की झांकी
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर विकास प्राधिकरण की झांकी भी सड़कों पर आ चुकी है। विकास प्राधिकरण ने इस बार तीन झांकियां बनाई हैं। पहली झांकी में निर्माणाधीन इंटर स्टेट बस स्टैंड के मॉडल का प्रदर्शन किया जाएगा। दूसरी पर्यावरण संरक्षण की झांकी में पौधारोपण, विकसित बगीचे और आजादी का अमृत महोत्सव दिखाया गया है।
इंदौर विकास प्राधिकरण की तीसरी झांकी में सुरसा के मुंह में जाते हनुमान जी को बताया गया है।
06:35 PM, 09-Sep-2022
Indore: इंदौर में परंपरा का रतजगा- झिलमिलाती झांकियां देखने उमड़ा हजारों का हुजूम
शाम छह बजे कलेक्टर मनीष सिंह, पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र, निगमायुक्त प्रतिभा पाल और खजराना गणेश मंदिर के पुजारियों ने खजराना गणेश प्रबंध समिति की झांकी का पूजन किया। इसी के साथ शहर में झांकियों का कारवां शुरू हो गया है। खजराना गणेश मंदिर की झांकी सबसे आगे रखी गई है। इसके साथ चल रहे अखाड़ों के कलाकारों ने जमकर करतब दिखाए। मिलों की झांकियां भी मिलों से बाहर आ गई हैं।