देर तक एक ही अवस्था में बैठे-बैठे या फिर चलते-चलते पैरों में अचानक उठने वाली मरोड़ यानी लेग क्रैंप कई बार आपके लिए परेशानी का सबब हो जाती है। कुछ ही मिनटों में मांसपेशियों की जकड़न कई बार बेहद दर्दनाक भी हो जाती है।
ऐसे में अगर आपको बार-बार क्रैंप की समस्या होती है तो यह बहुत अधिक थकान, अधिक वर्कआउट, पानी की कमी, वजन बढ़ने या रक्त संचार में रुकावट जैसी किसी भी समस्या का संकेत हो सकता है। इससे निपटने के लिए ये आसान उपाय जरूर आजमाएं।
गर्म दूध
रोज सोने से पहले एक ग्लास गर्म दूध पीने की आदत डालें। इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं और कमजोरी दूर होती है जिससे क्रैंप्स आना बंद हो जाती हैं।
गर्म पानी से नहाएं
रोज सोने से पहले गर्म पानी से नहाने से मांसपेशियों का तनाव कम होता है और थकान से आराम मिलता है। इससे पैरों में क्रैंप नहीं उठती।
स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज
सोने के पहले बिस्तर पर लेटकर आधे घंटे तक रोज दोनों पैरों को स्ट्रेच करें। इससे शरीर लचीला बनता है।
स्ट्रेचिंग के लिए सीधे लेट जाएं। पैरों के अंगूठों को पहले ऊपर की ओर खींचने की कोशिश करें और फिर नीचे की ओर स्ट्रेच करें।
रोज खाएं केला
क्रैंप की समस्या से निजात पाने के लिए रोज कम से कम दो-तीन केले खाएं। केले में पोटेशियम होता है जिससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं और क्रैंप नहीं होती।
डाइट पर दें ध्यान
क्रैंप से छुटकारे के लिए अपनी डाइट में कैल्शियम, मेग्नीशियम और पोटेशियम से भरपूर डाइट लें। डेयरी उत्पाद जमकर खाएं और रोज दो चम्मच शहद का सेवन करें।