रोडवेज में संविदा पर चालकों की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से रिक्त चल रहे चालकों की भर्ती के लिए रोडवेज ने नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रदेश भर में रोडवेज की ओर से 1931 चालकों की भर्ती संविदा पर होगी। इलाहाबाद में 86 चालकों की भर्ती रोडवेज संविदा पर करेगा।
रोडवेज में लंबे समय से चालकों के सैकड़ों पद रिक्त चल रहे हैं। इसका असर बसों के संचालन पर भी पड़ा है। प्रदेश में सबसे ज्यादा चालकों की कमी बरेली क्षेत्र में है। इसके अलावा आगरा, सहारनपुर, नोएडा, इलाहाबाद, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ में भी चालकों के ढेरों पद रिक्त हैं।
चालकों की कमी को देखते हुए लखनऊ स्थित परिवहन निगम मुख्यालय ने रोडवेज में चालकों की भर्ती संबंधी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। यूपी रोडवेज ने सूबे के 20 परिक्षेत्रों में संविदा पर 1931 चालकों की भर्ती करने का निर्णय लिया है।