राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के पद पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत, उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर कार्यान्वयन के लिए उप-स्वास्थ्य केंद्रों को स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों (एचडब्ल्यूसी) के रूप में मजबूत करने और बीमारी की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन सहित व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा वितरण को सक्षम करने का लक्ष्य बनाया है। यूपी एनएचएम सीएचओ के लिए कुल 4 हजार पदों पर भर्तियां निकलीं हैं। इन पदों पर अनुबंध पर भर्तियां निकाली गई हैं। चयनित उम्मीदवारों को उप-स्वास्थ्य केंद्रों के स्तर पर एचडब्ल्यूसी में सीएचओ के रूप में तैनात किया जाएगा ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य टीम के साथ समन्वय में काम किया जा सके। उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। इन पदों पर उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upnrhm.gov.in में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रिपोर्टों के अनुसार 28 फरवरी, 2022 तक उम्मीदवारों के पास ऑनलाइन आवेदन करने का समय है। हालांकि, आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन की अंतिम तिथि का जिक्र नहीं किया गया है। उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए लगातार ऑनलाइन वेबसाइट को देख सकते हैं।