राजस्थान पुलिस एसआई और प्लाटून कमांडर पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन कर चुके उम्मीदवारों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने एसआई और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आरपीएससी की ओर से सब-इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर पदों के चयन के लिए 13 सितंबर से 15 सितंबर तक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के लिए पंजीकृत सभी उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र राजस्थान लोक सेवा आयोग की और से जल्द ही जारी किए जाएंगे। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण किया है, वे आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट
https://rpsc.rajasthan.gov.in/ पर राजस्थान पुलिस एसआई प्रवेश पत्र आयोग द्वारा जारी होने पर डाउनलोड कर सकते हैं। बता दें कि 859 रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती अभियान चलाया जा रहा है।
आरपीएससी अधिसूचना के अनुसार, परीक्षा प्रत्येक दिन दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहले सत्र की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरे सत्र की परीक्षा दोपहर 03 बजे से शाम 05 बजे तक होगी।
इस बीच, आयोग ने अभी तक राजस्थान राज्य सेवा एवं राज्य अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2021 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू नहीं की है। राजस्थान राज्य सेवा भर्ती परीक्षाओं के लिए पंजीकरण 28 जुलाई से शुरू होने वाला था, लेकिन तकनीकी कारणों से शुरू नहीं हो पाया था।
हालांकि, बाद में आरपीएससी ने अधिसूचना जारी कर पंजीकरण प्रक्रिया को स्थगित कर दिया था। राजस्थान राज्य सेवा एवं राज्य अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2021 भर्ती अभियान 988 रिक्तियों को भरने के लिए शुरू किया है। इसमें से 363 पद राजस्थान राज्य सेवा के लिए और 625 पद राजस्थान अधीनस्थ सेवाओं के लिए हैं।
उपरोक्त सेवाओं के पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के इच्छुक उम्मीदवार नियमित अद्यतन जानकारी के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट
https://rpsc.rajasthan.gov.in/ पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।