MP Police Constable Vacancy 2025: मध्य प्रदेश पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब उम्मीदवार 6 अक्तूबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के जरिए कुल 7500 कांस्टेबल पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों से आवेदन फॉर्म में कोई गलती हो गई है, वे 8 अक्तूबर 2025 तक अपने आवेदन पत्र में सुधार कर सकते हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार esb.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए, मान्यता प्राप्त संस्था या मंडल से 10वीं या 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। वहीं, अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कम से कम 8वीं कक्षा या इसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को यह सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध सभी विवरण, योग्यता और शैक्षणिक मानदंडों को अवश्य चेक करें।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। उम्मीदवारों की आयु की गणना 29 सितंबर 2025 को आधार मानकर की जाएगी।
लिखित परीक्षा 30 अक्तूबर 2025 से आयोजित की जाएगी। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी - सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक। उम्मीदवारों को सुबह की पाली के लिए 8:30 बजे से पहले और शाम की पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करना होगा। परीक्षा से पहले उम्मीदवारों को महत्वपूर्ण निर्देश पढ़ने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 500 रुपये है। जबकि एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये रखा गया है। मध्यप्रदेश के मूल निवासी दिव्यांगजन को 200 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, विभागीय परीक्षा में शामिल होने वाले SC, ST, OBC और EWS अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 100 रुपये तय किया गया है।