पश्चिम बंगाल के साल्ट लेक इलाके में शिक्षक पात्रता परीक्षा 2014 के उम्मीदवारों द्वारा राज्य प्राथमिक शिक्षा बोर्ड पर लगातार धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने आंदोलनकारी उम्मीदवारों से धरना प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस धरना प्रदर्शन को और उकसा रहे हैं। वे लोग इस गतिरोध को जारी रखना चाहते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में प्राथमिक शिक्षक भर्ती में कथित अनियमितताओं के संबंध में ईडी द्वारा तृणमूल कांग्रेस विधायक माणिक भट्टाचार्य की गिरफ्तारी के खिलाफ दायर याचिका को गुरुवार को खारिज कर दी है। जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस विक्रम नाथ की पीठ ने ईडी की गिरफ्तारी में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है। बता दें कि ईडी ने प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितता के मामले में भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया था। उनसे 11 अक्तूबर को रात भर पूछताछ की गई थी। जिसके बाद उनपर कार्रवाई की गई। माणिक भट्टाचार्य पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें कथित तौर पर जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह नादिया जिले के पलाशीपारा विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के विधायक हैं।