झारखंड के रांची जिले में एक पिकअप वैन द्वारा एक महिला पुलिस अधिकारी की कुचलकर की जाने की वाली हत्या की घटना में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
रांची के पुलिस अधीक्षक (शहर) अंशुमान कुमार ने कहा कि हमने कल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था और अब उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। बाद में पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया था।
बता दें कि 32 वर्षीय पुलिस सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो रांची के बाहरी इलाके तुपुदाना में चेकिंग अभियान चला रही थी, जब 20 जुलाई को कथित तौर पर मवेशियों की तस्करी करने वाले तेज रफ्तार वाहन ने उनको कुचल दिया और मौके से फरार हो गया और संध्या टोपनो की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई।
पिकअप वैन के चालक को पहले पकड़ा गया था। एसपी ने कहा कि चालक को छोड़कर, तीन अन्य पर पहले पशु तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया गया था। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस अधिकारी की मौत की जांच की जा रही है।